पटना

सासाराम: जल्द होगा नगर परिषद उप मुख्य पार्षद का चुनाव


सासाराम (आससे)। डेढ़ माह से रिक्त नगर परिषद उप मुख्य पार्षद पद के लिए चुनाव जल्द होगा। विभाग ने चुनाव के लिए हरी झंडी दे दी है। अब जिलाधिकारी चुनाव के तिथि की मांग निर्वाचन विभाग से करेंगे। तिथि मिलते ही चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी। १४ दिसम्बर को पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव लाकर उपमुख्य पार्षद विजय महतो को हटाया था। सासाराम नगर परिषद के ४० में से ३१ पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया था। तब से सासाराम नप के उपमुख्य पार्षद का पद रिक्त हैं।

अब विभाग द्वारा चुनाव की हरी झंडी मिलने से उम्मीद है कि इसी माह उप मुख्य पार्षद का चुनाव हो जायेगा। विभाग द्वारा हरी झंडी मिलते ही नप में राजनीति एक बार फिर गरमा गयी, पार्षदों का दो गुट अपने पार्षद को उप मुख्य पार्षद बनाने के लिए आमने-सामने हैं। हालांकि 2022 में होने वाला चुनाव अब नगर निगम स्तर का होगा, क्योंकि अब नगर परिषद से सासाराम को नगर निगम बना दिया गया है। बावजूद इसके देखना यह है कि उप मुख्य पार्षद का शेष एकवर्षीय पद किस खुशनसीब को प्राप्त होता है।