पटना

सीआईएससीई दो सत्र में आयोजित करेगी 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षाएं


पटना (आससे)। सीबीएसई के बाद अब सीआईएससीई ने भी दसवीं और 12वीं के सिलेबस कम करने के बाद अब साल में दो बार परीक्षा लेने का निर्णय लिया है। बोर्ड ने इसकी जानकारी सभी स्कूलों को दे दी है। बोर्ड की मानें तो सत्र 2021-22 में दो सेमेस्टर आयोजित किया जायेगा। सिलेबस का 50 फीसदी की परीक्षा पहला सेमेस्टर में लिया जायेगा। पहला सेमेस्टर नवंबर 2021 में होगा। वहीं अगला 50 फीसदी सिलेबस की परीक्षा दूसरे सेमेस्टर में होगा। दूसरा सेमेस्टर मार्च-अप्रैल 2022 में आयोजित की जाएगी।

बोर्ड द्वारा सेमेस्टर वाइज थ्योरी का सिलेबस बोर्ड वेबसाइट पर डाला जायेगा। दोनों सेमेस्टर की परीक्षा बोर्ड द्वारा ही आयोजित की जायेगी। बोर्ड की मानें तो इससे पहले 2022 के लिए बोर्ड से सिलेबस में भी कटौती की है। इसकी जानकारी बोर्ड द्वारा स्कूलों को दी जा चुकी है।

बोर्ड की मानें तो दोनों सेमेस्टर की परीक्षा अलग-अलग होगी। दोनो सेमेस्टर में अंक पैटर्न भी अलग-अलग होगा। दसवीं की 80 और सौ अंक की परीक्षा होगी। तो वहीं 12वीं की परीक्षा 70 या 80 अंकों की होगी। दोनों सेमेस्टर के अंकों की मिलाकर वेटेज पर बोर्ड का फाइनल रिजल्ट तैयार किया जायेगा।

मिली जानकारी के अनुसार कोरोना संक्रमण रहा तो प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट वर्क भी ऑनलाइन आयोजित किया जायेगा। सेमेस्टर वाइज प्रैक्टिकल परीक्षा के आधार पर रिजल्ट तैयार किया जायेगा। परीक्षा होने के बाद स्कूल द्वारा ऑनलाइन प्रैक्टिकल के अंक मंगवा कर रिजल्ट तैयार किया जायेगा। हर स्कूल को इंटरनल असेसमेंट भेजना होगा।