News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा नगर निगम में मौका मिला तो हटा देंगे दिल्ली से तीनों कूड़े के पहाड़, देखें वीडियो


नई दिल्ली, : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में अब और कूड़े के पहाड़ नहीं बनने दिए जाएंगे। नगर निगम में राज कर रही भाजपा यहां गंदगी फैलाने का काम कर रही है। दिल्ली सरकार यहां तमाम जगहों पर झंडे लगाकर देश का तिरंगा ऊंचा करके सम्मान बढ़ाने का काम कर रही है। वहीं, भाजपा गंदगी फैलाकर नाम खराब करने का काम कर रही है। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उन्होंने दिल्ली में तीनों लैंडफिल साइटों के बारे में अपनी बात रखी।

आम आदमी पार्टी द्वारा तीन लैंडफिल साइटों को लेकर कूड़े के पहाड़ बताकर उठाए जा रहे मुद्दे पर केजरीवाल ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कूड़े के पहाड़ों से दिल्ली की छवि खराब हो रही है। भाजपा नगर निगम के माध्यम से 16 और कूड़े के पहाड़ बनाने जा रहा है। इससे दिल्ली वालों का रहना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता मौका देगी तो हम एक भी नया कूड़े का पहाड़ या यानी लैंडफिल साइट नहीं बनाएंगे और वर्तमान कूड़े के तीनों पहाड़ भी हटा दिए जाएंगे, यह उनका जनता से वादा है।

उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा दिल्ली को अच्छा शहर बनाने की है, जनता भी यही चाहती है। पिछले सालों में दिल्ली में हमने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बहुत काम किया है। हमने दिल्ली में 500 तिरंगे लगाए हैं, दिल्ली को अब तिरंगों का शहर माना जा रहा है। दिल्ली को झीलों का शहर बनाया जा रहा है। मगर दिल्ली में सफाई की हालत बहुत खराब है।

हर आदमी गंदगी से परेशान है। बाहर से लोग आते हैं तो गंदगी की वजह से लोग दिल्ली के बारे में बात करते हैं। लैंडफिल साइटों के आसपास रहने वालों की जिंदगी खराब हाे रही है। इसे लेकर हमने गत दिनों एलजी साहेब से बात की है। दिल्ली नगर निगम में भाजपा राज कर रही है मगर उसका ध्यान शहर को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाने की दिशा में नहीं है, बल्कि वो इसे और भी गंदा बनाने के लिए काम कर रही है।