Latest News उत्तर प्रदेश गोरखपुर राष्ट्रीय लखनऊ

सीएम योगी गोरखपुर में बने पन्‍ना प्रमुख,


  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर नगर विधानसभा सीट के गोरखनाथ क्षेत्र के बूथ संख्या 246 पर पन्ना प्रमुख बनाए गए हैं। भाजपा के सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों को उनके निर्वाचन क्षेत्र में पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। भाजपा महानगर के अन्तर्गत शहर और ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र (आंशिक) में 13, 800 बूथों पर 13,100 पन्ना प्रमुख बनाए गए हैं।

असल में विधानसभा चुनाव 2022 के चुनाव की तैयारियों में जुटी पार्टी मतदाताओं को जोड़ने के लिए सबसे निचली और आखिरी कड़ियों को भी मजबूत बनाने में जुटी है। बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के पदाधिकारियों को पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गोरखपुर में पूर्व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री व सांसद शिव प्रताप शुक्ल शहर विधानसभा क्षेत्र में और नगर विधायक डा. राधामोहन दास अग्रवाल शहर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 350 के अन्तर्गत पन्ना प्रमुख बनाए गए हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेन्द्र सिंह ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 317 पर, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 166 व महापौर सीतराम जायसवाल ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 167 पर पन्ना प्रमुख बनाए गए हैं। महानगर अध्यक्ष भाजपा राजेश गुप्ता बताते हैं कि पार्टी ओर सरकार में शामिल हर व्यक्ति को उस पन्ने का प्रमुख का बनाया गया है जहां मतदाता सूची में उसका नाम है। उसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही पदाधिकारियों को पन्ना प्रमुख बनाया है।