Latest News नयी दिल्ली

सूचना और प्रसारण मंत्रालय का बड़ा कदम, अब दुनियाभर में बजेगा भारतीय गेम्स का डंका


 नई दिल्ली: आने वाले दिनों में दुनियाभर में भारतीय खेलों का डंका बजाने वाला है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने इसके लिए बड़ी पहल की है। सूचना प्रसारण मंत्रालय ने आईआईटी बॉम्बे के सहयोग से गेमिंग सेंटर (Gaming Center) बनाने का ऐलान किया है। यह सेंटर खेलों के विकास के लिए कई अहम योजनाएं और कोर्स चलाएगा। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने रविवार को एक गेम डिजाइनिंग कम्पटीशन के प्रतिभागियों को ऑनलाइन संबोधित करते हुए यह अहम जानकारी दी है।

केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपने संबोधन में कहा कि भारत खेलों का एक ऐतिहासिक केंद्र है, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा भारत को एक प्रमुख खिलौना निर्माता बनाने का संकल्प लिया जाना उनकी दूर दृष्टि का परिचायक है। उनके द्वारा देखे गए इस स्वप्न को भारत का प्रत्येक नागरिक साकार कर के दिखाएगा।

इसी क्रम में IIT बॉम्बे के सहयोग से मिनिस्ट्री ऑफ इनफार्मेशन एवं ब्राडकास्टिंग एक गेमिंग सेंटर बनाने जा रही है, जहां VFX, गेमिंग एवं एनीमेशन जैसे विषयों पर विभिन्न कोर्स जल्द ही शुरू होंगे और इसी के साथ साथ एक सेंटर भी बनाया जाएगा, जहां से खेलों के विकास हेतु कई योजनाओं का संचालन किया जाएगा। भारत के सम्रद्ध सांस्कृतिक इतिहास में कई प्रकार के खिलौनों का वर्णन है, भारत की इस सांस्कृतिक विरासत का पुनरूत्थान होगा एवं पूरे विश्व में भारतीय खिलौनों का डंका बजेगा।