News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

सोनिया गांधी के खिलाफ भाजपा प्रवक्ता की अमर्यादित भाषा पर कांग्रेस ने जताया एतराज,


नई दिल्ली। कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ भाजपा प्रवक्ता की अभद्र और अशोभनीय टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति करते हुए भाजपा को आड़े हाथों लिया है। पार्टी ने कहा है कि देश की सम्मानित वरिष्ठ महिला नेता सोनिया गांधी के प्रति बेहद अशोभनीय लहजे में अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल भाजपा के महिला विरोधी ‘चाल, चरित्र और चेहरे’ को उजागर करता है।

कांग्रेस के अनुसार इस प्रकार की शर्मनाक बयानबाजी से देश की राजनीति का स्तर लगातार गिरता जा रहा है ओर इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नडृडा को देश की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल की एक न्यूज चैनल की चर्चा के दौरान सोनिया गांधी के बारे में अमर्यादित और अशोभनीय टिप्पणी पर गंभीर एतराज जाहिर करते हुए कांग्रेस के संचार महासचिव जयराम रमेश ने बयान जारी कर इस पर अपनी आपत्ति दर्ज करायी।

जयराम ने फिर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखकर इसे मुद्दे को उठाते हुए कहा कि संस्कारों की दुहाई देने वाली भाजपा के शीर्ष नेताओं व प्रवक्ताओं ने बार-बार देश की सम्मानित महिलाओं विशेष तौर पर एक राष्ट्रीय पार्टी की 75 वर्षीया सम्मानित अध्यक्ष के प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया है। विपक्ष की नेताओं के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करना भाजपा की महिला विरोधी सोच को दर्शाता है। इस प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणियों से देश की राजनीति का स्तर गिरता जा रहा है।

जयराम ने इस पत्र में कहा है कि महिलाओं का सम्मान वैदिक काल से भारत की महान परंपरा रही है, ऐसे में सत्ताधारी भाजपा से राजनीति में शालीनता और महिलाओं के प्रति आदरपूर्ण आचरण की स्वाभाविक अपेक्षा है लेकिन भाजपा ने अपनी भाषा और व्यवहार से हमें बार-बार निराश किया है।

जयराम रमेश ने कहा कि पीएम मोदी से हमारी अपील है कि वे अपनी पार्टी के नेताओं की शर्मनाक और अशोभनीय बयानबाजी के लिए देश की महिलाओं से माफी मांगें। साथ ही अपने प्रवक्ताओं व नेताओं को राजनीति की गरिमा को ठेस न पहुंचाने और अभद्र भाषा व बदजुबानी से परहेज करने की सीख दें। जयराम ने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष या पार्टी के किसी नेता के लिए अमर्यादित भाषा की पुनरावृत्ति होने पर पार्टी मानहानि जैसे मुकदमे का क़ानूनी कदम उठाने के लिए बाध्य होगी।