पटना

हवेली खडग़पुर: शराबबंदी को लेकर जागरूकता शिविर का आयोजन


प्रशासन लोक सेवक है : डीएसपी

हवेली खडग़पुर (आससे)। रविवार को रमणकाबाद पश्चिमी पंचायत के गोरुधुआ मैदान में बिहार पुलिस के तत्वाधान में मुंगेर आरक्षी अधीक्षक के निर्देशन पर शराबबंदी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुमंडल आरक्षी पदाधिकारी राकेश कुमार, विशिष्ट अतिथि लोक निवारण पदाधिकारी धीरज कुमार सिन्हा, प्रखंड विकास पदाधिकारी पंकज कुमार दीक्षित, अंचल निरीक्षक मोहम्मद निजामुद्दीन, थाना अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार पांडे ने सरकार के शराबबंदी कार्यक्रम पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवनिर्वाचित मुखिया छोटेलाल प्रसाद तथा मंच संचालन चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष संजीव कुमार ने किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीएसपी राकेश कुमार ने कहा कि हम लोग लोक सेवक हैं। सरकार के बनाए गए कानून को लागू करना आम लोगों के फायदे की बात है। समाज में कानून का राज स्थापित करवाना हम लोगों का दायित्व है। उन्होंने कहा कि मानवता के आधार पर शराबबंदी एक सकारात्मक कानून है, जिसे पालन करवाना आप लोग का दायित्व है। उन्होंने कहा कि  समाज में महिला उत्पीडऩ, शोषण, अत्याचार को देखते हुए सरकार ने 1 अप्रैल 2016 से शराबबंदी कानून स्थापित किया है। यह कानून से समाज में सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।

उन्होंने विभिन्न प्रकार के उदाहरण देकर महिलाओं एवं पुरुषों को शराब के प्रति चिंतन बदलाव के लिए प्रेरित किया। लोक निवारण पदाधिकारी धीरज कुमार सिन्हा ने कहा कि मद्य निषेध उत्पाद अधिनियम 2016 समाज के विकास के लिए सबसे अच्छा कानून बनाया गया है। उन्होंने इस कानून पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शराब के निर्माण, वितरण, संग्रह, खरीदना एवं उपयोग करना बिहार में पूर्णरूपेण वर्जित है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने समाज के हित को देखते हुए समय-समय पर इस कानून में बदलाव कर रही है। इस कठोर कानून के प्रति आम लोगों को जागरूक बना रहना होगा।

उन्होंने कहा कि आज कई शहरों में जहरीली शराब पीने से मौतें हुई है। इस तरह की घटना पुनरावृति नहीं हो जिसके लिए समाज में जागरूकता बनाए रखें। प्रखंड विकास प्राधिकारी पंकज कुमार दीक्षित ने कहा कि समाज में विभिन्न प्रकार की कुरुतियां थी, जैसे बाल विवाह दहेज प्रथा, सती प्रथा, बाल श्रम आदि समय बदलाव के साथ आम लोगों ने बदलाव किया। उसी प्रकार शराब बंदी मैं सहयोग कर सामाजिक कुरीतियों को दूर कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच की कड़ी जनप्रतिनिधि है।

जनप्रतिनिधि सरकार के कल्याणकारी योजना की जानकारी समाज के हर वर्ग को को उपलब्ध करवाएं। विभिन्न प्रकार की योजनाओं का लाभ सुदूर क्षेत्रों के निवासी को मिल सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुखिया छोटे लाल प्रसाद ने कहा कि शराबबंदी कानून में सहयोग करने वाले में रमणकाबाद पश्चिमी पंचायत निवासी जिला में अग्रणी होगा। उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास स्लोगन के साथ क्षेत्र में कार्य होगा।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए चेंबर अध्यक्ष संजीव कुमार ने कहा कि शराब सेवन करने वाले मनुष्य को शारीरिक और मानसिक दोनों प्रकार की परेशानियां होता है सामाजिक दृष्टिकोण से चरित्र का हनन होता है शराब जैसे सामाजिक कुरीतियां संकल्प भाव के साथ उखाड़ फेंक देंगे शराब के धंधे को छोडक़र विभिन्न प्रकार के कुटीर उद्योग के माध्यम से जीवन यापन कर सकते हैं। जिला परिषद प्रतिनिधि टुनटुन ठाकुर जागेश्वर किस्कू, शिबू बास्के, अजय कुमार अजय, गोपाल मराडी, मीना मुर्मू, हरिमोहन तुरी आदि वक्ताओं ने बिहार सरकार के शराब बंदी कानून का स्वागत करते हुए विभिन्न बिंदुओं पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ ऐल वी गुप्ता, डॉक्टर मोहम्मद हसनैन,प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मिथिलेश झा, कृषि पदाधिकारी राजीव रंजन, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी शिवपूजन गुप्ता, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रूपेश कुमार गौतम, पंचायत राज पदाधिकारी मनोज कुमार, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी देव बाबू टूडू स्वास्थ्य विभाग नवल किशोर सिंह, नीरज कुमार, पूजा कुमारी आदि पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कॉमेडी 19 का टीकाकरण, जॉब कार्ड आदि का स्टॉल लगाया गया था।