Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

हांगकांग में लोकतंत्र की पक्षकार एगनेस चाउ जेल से रिहा, 6 महीने बाद जेल से आईं बाहर


  • हांगकांग,  हांगकांग में लोकतंत्र की समर्थक कार्यकर्ता एगनेस चाउ को जेल से रिहा कर दिया गया है। एगनेस शनिवार को जेल से रिहा हुई हैं। चाउ बीते 6 महीनों से जेल में कैद थीं। वर्ष 2019 में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान अनधिकृत सभाओं में हिस्सा लेने के लिए उन्हें गिरफ्तार किया गया था। जेल से निकलने के बाद 24 वर्षीय चाउ का पत्रकारों के समूह ने अभिवादन किया। इस दैरान वो बिना कोई बात किए, जेल की गाड़ी से निकलकर अपनी पर्सनल कार में जाकर बैठ गई। मौके पर समर्थकों का एक छोटा समूह मौजूद था, जो सरकार द्वारा जेल भेजे जाने की चेतावनियों के असर को साफ तौर से दिखाता है। चीन ने पिछले साल हांगकांग में सख्त राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लागू कर दिया था। जिसके बाद सरकार ने उन लोगों को जेल में डालने की चेतावनी दी है, जो इस कानून का उल्लंघन करते पाए जाएंगे।

कई प्रदर्शनकारियों को जेल भेजा गया

हांगकांग में सरकार के विरोधी और लोकतंत्र के पक्ष में हुए प्रदर्शनों को दबाने के लिए चीन ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लागू किया था। नए कानून के प्रभाव में आने के बाद जोशुआ वोंग और जिम्मी लाई समेत कई लोकतंत्र के पक्षकार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार किए गए सभी प्रदर्शनकारी अभी भी जेल में सजा काट रहे हैं। चीन हांगकांग कभी भी शांति नहीं रहने देता है और अपनी तानाशाही चलाता है, लेकिन यहां के लोग चीन की तानाशाही को स्वीकार नहीं करना चाहते। ये डटकर चीन के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।