Latest News उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली लखनऊ

हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र के निधन पर योगी और अखिलेश ने जताया दु:ख


हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में शामिल वीरभद्र सिंह का गुरुवार को शिमला में निधन हो गया। हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह के निधन पर सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ ही समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने शोक व्यक्त किया है।वीरभद्र सिंह काफी समय से बीमार थे। दो बार कोरोना संक्रमण को मात देने के बाद भी वह लगातार अस्पताल में थे। वह बीते दो दिन से वेंटीलेटर पर थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए लिखा, वरिष्ठ राजनेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह जी का निधन अत्यंत दु:खद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने भी शोक संदेश ट्वीट किया है।

अखिलेश यादव ने लिखा, अत्यंत दुखद! हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह जी का निधन, अपूरणीय क्षति। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। भावभीनी श्रद्धांजलि।