News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

शीतकालीन सत्र : चीन मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा, लोकसभा स्पीकर ने बुलाई फ्लोर लीडर्स की बैठक


नई दिल्ली, । सात दिसंबर से शुरू हुए संसद का शीतकालीन सत्र जारी है। आज संसद परिसर में कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं ने तवांग में भारत-चीन संघर्ष पर चर्चा की मांग करते हुए गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद सोनिया गांधी समेत कई विपक्षी दलों के नेता भी मौजूद रहे। 

भारत-चीन मुद्दे पर सदन में चाहते हैं चर्चा- खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने सीमा विवाद के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हम सदन में भारत-चीन के मुद्दे को लेकर चर्चा चाहते हैं, चर्चा अगर नहीं हुई और एकतरफा उत्तर हुआ है तो उसका क्या मतलब है।

प्रह्लाद जोशी ने विपक्षी दलों पर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने संसद परिसर में विपक्षी दलों के प्रदर्शन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नकली कांग्रेस को बीच-बीच में महात्मा गांधी याद आते हैं, ये अच्छी बात है। मैं उन्हें याद दिलाना चाहता हूं कि उनके कार्यकाल में क्या हुआ था, हमने क्या खोया था? नेहरू के कारण कितनी जमीन हमने खोई थी, कितना पाया था, उन्हें इसकी जानकारी निकाल लेनी चाहिए।

सीमा पर क्या स्थिति है, देश जानना चाहता है- शशि थरूर

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि विपक्ष संसद में भारत-चीन सीमा विवाद पर बातचीत की मांग कर रहा है। सरकार लोगों के लिए जवाबदेह है, हम सब देश की रक्षा के लिए खड़े हैं। सीमा पर क्या स्थिति है, जून 2020 में हमारे 20 जवान क्यों मारे गए थे? ये पता होना चाहिए।

दोपहर 12 बजे तक स्थगित हुई लोकसभा

विपक्षी सांसदों के हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनटों के भीतर लोकसभा दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

 

अधीर रंजन चौधरी ने सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से मोदी सरकार बौखलाए हुई है। आम लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा तरह-तरह के सवाल उठा रही है। क्या गुजरात चुनाव में PM मोदी मास्क लगाकर, सारे प्रोटोकॉल मानते हुए घर-घर गए थे।

कार्ति चिदंबरम बोले- भारत जोड़ो यात्रा पर इतना ध्यान क्यों?

कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि आज का कोविड प्रोटोकॉल क्या हैं? ऐसा लगता है कि हमारे पास किसी भी अन्य सार्वजनिक समारोहों में लागू करने योग्य COVID प्रोटोकॉल नहीं हैं। भारत जोड़ो यात्रा पर अचानक इतना ध्यान क्यों दिया जा रहा है, अगर भाजपा को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है?

 

स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने राहुल को लिखी चिट्ठी

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कोविड दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए और मास्क-सैनिटाइजर का उपयोग लागू किया जाए।

 

चीन पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन

बता दें कि चीन पर चर्चा की मांग को लेकर आज संसद में गांधी प्रतिमा के बाहर विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन देखने को मिलेगा। राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे ने विरोध प्रदर्शन के लिए समान विचारधारा वाले विपक्षी नेताओं को बुलाया है।

 

मनीष तिवारी ने दिया लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस

वहीं, कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने चीन के साथ सीमा की स्थिति पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है। इसके अलावा कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने भी चीन के साथ सीमा की स्थिति पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है।

23 दिसंबर को समाप्त हो सकता है शीतकालीन सत्र

बता दें कि संसद का शीतकालीन सत्र निर्धारित समय से छह दिन पहले 23 दिसंबर को समाप्त हो सकता है। यह जानकारी सूत्रों ने दी है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय आगामी क्रिसमस सप्ताह को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। कहा जा रहा है कि सभी दलों के नेता 23 दिसंबर को सत्र समाप्त करने के लिए सहमत हैं। गौरतलब है कि शीतकालीन सत्र 29 दिसंबर को समाप्त होना था। यह 7 दिसंबर से शुरू हुआ था। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को त्योहार और साल के अंत के मौसम को ध्यान में रखते हुए सत्र को जल्दी समाप्त करने का आवेदन प्राप्त हुआ था।