News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

हिमाचल में चुनावी हुंकार भरेंगे पीएम मोदी, मंडी में 24 सितंबर का दौरा तय


शिमला, । PM Modi Rallly In Mandi, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का हिमाचल दौरा तय हो गया है। मोदी 24 सितंबर को हिमाचल के जिला मंडी में भाजयुमो के डेढ़ लाख कार्यकर्ताओं की रैली को संबोधित करेंगे। मंडी के पड्डल मैदान में यह कार्यक्रम होगा। पीएम मोदी इस रैली के साथ हिमाचल प्रदेश में चुनावी हुंकार भरेंगे। हिमाचल भाजपा पीएम मोदी की रैली की तैयारियों में जुट गई है। मंडी का पड्डल मैदान काफी बड़ा है व इसकी क्षमता एक लाख से ज्‍यादा ही बताई जाती है। यहां से पीएम मोदी पूरे प्रदेश की राजनीति को साधने का प्रयास करेंगे। पीएम मोदी इससे पहले भी यहां पर रैली कर चुके हैं।

मंडी की रैली में खास बात यह होगी कि इसमें 40 वर्ष से ज्यादा का कोई भी कार्यकर्ता हिस्सा नहीं ले पाएगा। सभी कार्यकर्ताओं को भाजपा की ओर से कार्ड दिए जाएंगे। इसके अलावा कोई अन्‍य कार्यकर्ता रैली में नहीं आ पाएगा। हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा मोदी की रैली की तैयारी में पूरी भाजपा जुट गई है। इस रैली को सफल बनाने के लिए तन्मयता से भाजपा का हर कार्यकर्ता काम करेगा। हिमाचल में चुनाव के दौरान केंद्रीय मंत्री अमित शाह, स्मृति ईरानी, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी सहित अन्य मंत्री भी आएंगे। स्‍मृति ईरानी 17 सितंबर को एक रैली को संबोधित करेंगी। वहीं, किरेन रिजिजू शिमला अधिवक्‍ताओं के कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

हिमाचल प्रदेश भाजपा नेताओं को पीएम मोदी से काफी उम्‍मीदें हैं। यदि पहले की तरह मोदी मैजिक चल गया तो कई नेताओं की नैया पार हो सकती है। बताया जा रहा है चुनाव के दौरान भी पीएम मोदी की ज्‍यादा रैलियां हिमाचल में नहीं होंगी। खैर हिमाचल भाजपा कोशिश में लगी है कि चुनाव से पीएम मोदी के तीन कार्यक्रम आयोजित करवा दिए जाएं, जिसका चुनाव में उन्‍हें फायदा मिल सके।

भाजपा के राष्‍ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष आज भारतीय जनता युवा मोर्चा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। पीएम मोदी की रैली को एतिहासिक बनाने के लिए भाजपा जुट गई है।

हिमाचल प्रदेश में नवंबर या दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने प्रस्‍तावित हैं। इसके लिए प्रदेश के दोनों प्रमुख दलों भाजपा और कांग्रेस ने तैयारी तेज कर दी है। कांग्रेस प्रत्‍याशियों की सूची भी करने में जुट गई है। वहीं, आम आदमी पार्टी भी अपनी जड़ें जमाने की कोशिश कर रही है।