Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

10 दिन की विपश्यना के बाद दिल्ली वापस लौटे CM केजरीवाल, बताया क्या है आगे का प्लान


नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बीते 10 दिन से विपश्यना साधना पर थे और शनिवार को ही लौटे हैं। इसकी जानकारी उन्होंने खुद एक्स पर एक पोस्ट डालकर दी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री अपना आगे का प्लान भी बताया।

सीएम केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट किया कि वह विपश्यना साधना से लौट आए हैं और अब नई ऊर्जा के साथ जनता की सेवा में लगेंगे।

केजरीवाल ने पोस्ट में लिखा, ’10 दिन की विपश्यना साधना के बाद आज वापस लौटा। इस साधना से असीम शांति मिलती है। नई ऊर्जा के साथ आज से फिर जनता की सेवा में लगेंगे। सबका मंगल हो!’

ईडी ने भेजा है तीसरा समन

दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने अरविंद केजरीवाल को तीसरी बार समन भेज रखा है। इस संबंध में उन्हें 3 जनवरी को ईडी के सामने पेश होना है। इससे पहले के जो दो समन भेजे गए थे उनका जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा था कि यह राजनीति से प्रेरित समन है।

क्या तीसरे समन पर पेश न होने पर ईडी को हैं गिरफ्तारी के अधिकार?

माना जा रहा है कि 3 जनवरी को केजरीवाल ईडी के सामने पेश हो सकते हैं। ईडी के नियम के अनुसार अगर कोई व्यक्ति बार-बार समन मिलने पर भी पूछताछ के लिए पेश न हो तो ईडी उसे गिरफ्तार कर सकती है। हालांकि ईडी को गिरफ्तारी के लिए पुख्ता सबूत की जरूरत होती है कि जिसकी गिरफ्तारी हो रही है वह अपराधी है ही।