News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

30 अक्टूबर को डलेंगे वोट चुनाव आयोग ने की उपचुनाव की घोषणा, 3 लोकसभा और 30 विधानसभा सीटों


  1. नई दिल्ली, : चुनाव आयोग ने मंगलवार को 3 लोकसभा और 30 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। इन सीटों पर 30 अक्टूबर को उपचुनाव के तहत वोटिंग होगी, जिसके बाद वोटों की गिनती 2 नवंबर की जाएगी। चुनाव आयोग ने अपने एक बयान में कहा कि कोरोना महामारी, बाढ़, त्योहारों, कुछ क्षेत्रों में ठंड की स्थिति, संबंधित राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों से प्रतिक्रिया की समीक्षा की और सभी तथ्यों और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए 3 लोकसभा और 30 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराने का फैसला लिया गया है।

ऐसे में 30 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव केंद्र शासित प्रदेश सहित 15 राज्यों में होंगे। केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नागर हवेली व दमन और दीव के अलावा मध्य प्रदेश के खंडवा और हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा सीट पर उप चुनाव होंगे। इसके अलावा 14 राज्यों के 30 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उपचुनाव 30 अक्टूबर को होंगे।

केंद्र शासित प्रदेश के अलावा अगर 14 राज्यों की बात करें पश्चिम बंगाल की 4 सीटों पर उपचुनाव होने के साथ ही असम में 5 और मेघालय, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश की 3 तीन सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं राजस्थान, बिहार और कर्नाटक की दो-दो विधानसभा सीटों पर वोटे डलेंगे। इसके अलावा मिजोरम, तेलंगाना, नागालैंड, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और हरियाणा की एक सीट पर उपचुनाव होने जा रहे हैं।

आंध्र प्रदेश की सीट बडवेल है तो असम के गोसाईगांव भबनीपुर, तमुलपुर, मरियानी, थौरा है। वहीं बिहार का चुनाव क्षेत्र कुशेश्वर अस्थान, तारापुर है। हरियाणा के ऐलनाबाद में उपचुनाव होंगे तो वहीं हिमाचल प्रदेश के फतेहपुर, अर्की और जुब्बल-कोटखाई में उपचुनाव होने हैं। ऐसे ही कर्नाटक के सिंदगी, हंगल तो मध्य प्रदेश के पृथ्वीपुर, राय गांव और जोबट में उपचुनाव होंगे। इसके अलावा महाराष्ट्र के देगलूर विधानसभी सीट पर वोट डलेंगे।