आरा भोजपुर जिले के जगदीशपुर (गढ़) के प्रतिभाशाली निशानेबाजों ने 36वीं बिहार राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
जगदीशपुर निवासी पलक सिंह, पिता कुंवर अभिजीत, जो एम.डी. कार्मेल स्कूल, जगदीशपुर की छात्रा हैं, ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा उन्होंने 25 मीटर स्पोर्ट पिस्टल तथा 10 मीटर सब-यूथ वूमेन वर्ग में रजत पदक जीतकर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचय दिया।
वहीं, पलक सिंह के पिता कुंवर अभिजीत, पिता श्री हर्षवर्धन सिंह, ने भी प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर पिस्टल (पुरुष वर्ग) में रजत पदक हासिल किया। उल्लेखनीय है कि कुंवर अभिजीत 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक बाबू वीर कुंवर सिंह के वंशज हैं, जिससे यह उपलब्धि और भी गौरवपूर्ण बन जाती है।
पलक सिंह ने फायर आर्म्स स्पर्धा का प्रशिक्षण साकेत सिंह शूटिंग अकादमी, बिक्रम (पटना) से तथा एयर पिस्टल का प्रशिक्षण कल्याण बिगहा इंडोर शूटिंग अकादमी, नालंदा से प्राप्त किया।
इस उल्लेखनीय सफलता से पूरे भोजपुर जिले, विशेषकर जगदीशपुर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। खेल प्रेमियों एवं स्थानीय लोगों ने दोनों निशानेबाजों को बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को खेलों, विशेषकर शूटिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।





