पटना

हर जिले में सांगठनिक अभियान चलायेगी भाजपा


वर्चुअल हुई प्रदेश कार्य समिति बैठक, नड्डा, संतोष, भूपेन्द्र और रेणु देवी ने किया संबोधित

(आज समाचार सेवा)

पटना। बिहार भाजपा सूबे के हर जिले में सांगठनिक अभियान चलायेगी। यह घोषणा आज भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने की। वे पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में बीजेपी ने सूबे में १६ लाख से ज्यादा मास्क बांटे, यही नहीं, २.५० लाख परिवारों तक पका हुआ भोजन, १.८० लाख परिवारों का सूखा राशन किट पहुंचाया। पार्टी ने ‘मेरा बूथ कोरोना मुक्त’ अभियान का अक्षरश: पालन किया।

उन्होंने कहा कि कार्यसमिति एक संगठन के तौर पर व्यापक रूप से सफल हुई है। सब की सहभागिता से संगठन सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। मार्च की कार्य समिति के बाद से पार्टी लगातार किसी-न-किसी रूप से सक्रिय रही है। ‘सेवा ही संगठन अभियान’ को पार्टी ने सफलतापूर्वक चलाया।

उन्होंने कहा कि आपदा और कर्मचारियों को संकटकाल में भी वेतन मुहैय्या करवाने में अहम भूमिका पार्टी कार्यकर्ताओं ने निभायी है। दूसरे प्रदेशों में जिन बिहारियों की मृत्यु हुई है, उनके परिजन को भी एक-एक लाख रुपये की आर्थिक मदद की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने ४५ संगठन जिलों में समितियां बनायी और ६१ हजार बूथों तक ‘मेरा बूथ कोरोना मुक्त’ अभियान चलाया। ३० हजार परिवारों तक इस अभियान के तहत तरह-तरह की मदद पहुंचायी गयी। यही नहीं, टीकाकरण के लोगों को प्रेरित करने के लिए विशेष अभियान भी चले। कार्यकर्ताओं ने १५८ रक्तदान शिविर लगाये, इनमें २१सौ कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किये। उन्होंने कहा कि पार्टी का भविष्य कार्यकर्ताओं के कंधों पर टिका है।

उन्होंने केन्द्र सरकार की जमकर तारीफ की। कहा- सूबे को केन्द्र ने हर कदम में सहायता उपलब्ध करायी। समानुपातिक व्यवस्था के तहत ६५० वेंटीलेटर, ४५०० ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर, रेमडेसिवर, इंजेक्शन ऑक्सीजन की २७२ मिट्रिक टन आपूर्ति की गयी। सूबे में ११९ पीएसए प्लांट लगाने का काम भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र ने सूबे में ४१६५ करोड़ का बिहार के लिए बजटीय आवंटन भी किये।

कार्यसमिति को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, संगठन महामंत्री बीएल संतोष, तारकिशोर प्रसाद, राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव, रेणु देवी और कई मंत्री, सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी और कार्यसमिति के सदस्यों ने भी सम्बोधित किया।