Latest News महाराष्ट्र

7 महीने बाद पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह मुंबई पहुंचे


नेशनल डेस्क: 7 महीनों से गायब चल रहे मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह बृहस्पतिवार को यहां पहुंचने के बाद अपराध शाखा के समक्ष पेश हुए। मुंबई की एक अदालत ने उन्हें भगोड़ा घोषित किया है और उन्हें जांच में शामिल होने का निर्देश भी दिया था। एक अधिकारी ने बताया कि सिंह चंडीगढ़ से यहां पहुंचे हैं। ‘‘ वह आदेश के अनुरूप जांच का हिस्सा बनने के लिए यहां पहुंचे हैं और जांच में सहयोग करेंगे।” सिंह ने यहां पहुंचते ही पत्रकारों से कहा था, ‘‘ न्यायपालिका पर मुझे पूरा विश्वास है। मैं अदालत के निर्देश के अनुरूप जांच का हिस्सा बनूंगा।”

अधिकारी ने बताया कि हवाई अड्डे से निकलने के बाद सिंह मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की इकाई-11 के समक्ष पेश हुए। गोरेगांव थाने में दर्ज रंगदारी के मामले में उनका यहां बयान दर्ज किया जाएगा। उच्चतम न्यायालय ने सिंह को गिरफ्तारी से फिलहाल संरक्षण प्रदान किया है। गौरतलब है कि उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर ‘एंटीलिया’ के बाहर एक गाड़ी से विस्फोटक मिलने के बाद दर्ज मामले में मुंबई पुलिस के अधिकारी सचिन वाजे की गिरफ्तारी के बाद सिंह को मार्च 2021 में मुंबई पुलिस आयुक्त पद से हटा दिया गया था।