Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

75वें स्वतंत्रता दिवस पर देश के करोड़ों घरों पर तिरंगा फहराने की तैयारी,


नई दिल्ली: ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अवसर पर इस साल 13 से 15 अगस्त के बीच पूरे देश में 20 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने की तैयारी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने सभी लोगों से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने की अपील की है। संस्कृति मंत्रालय की तरफ से स्वतंत्रता के 75वें वर्ष के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान शुरू किया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट में कहा, 22 जुलाई का भारत के इतिहास में विशेष महत्व है, क्योंकि 1947 में इसी दिन तिरंगे को राष्ट्रीय ध्वज के रूप में अपनाया गया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस साल हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। हर घर पर तिरंगा फहराने से राष्ट्रीय ध्वज के साथ हमारा संबंध और गहरा व मजबूत होगा।

हर घर तिरंगा अभियान की घोषणा करते हुए गृह मंत्री शाह ने कहा कि तिरंगा न सिर्फ हर देशवासी को एकता के सूत्र में पिरोता है, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव को प्रबल भी करता है। उन्होंने कहा कि इस अभियान से हर नागरिक और विशेषकर युवाओं के मन में देश भक्ति की भावना मजबूत होगी। बता दें कि हैदराबाद में इसी महीने हुई भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने के लिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक घरों पर तिरंगा फहराने का फैसला लिया गया था।

विदेश में रहने वालों से अभियान में जुड़ने का किया आग्रह

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी भारतीय, विशेष रूप से विदेश में रहने वालों से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने आग्रह किया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘भारत या विदेश में, 13 से 15 अगस्त के बीच हर घर तिरंगा अभियान में शामिल हों।’ विदेश मंत्री ने कहा कि भारतीय ध्वज भारतीय होने के अर्थ का सबसे अधिक दिखाई देने वाला प्रतीक है। हम सभी को यह सुनिश्चत करना है कि भारतीय तिरंगा हमेशा लहराता रहे।