पटना

75वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बनाया रिकॉर्ड


15वीं बार गांधी मैदान में लहराया तिरंगा

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज रविवार को 75वें स्वतंत्रता दिवस पर एक बार फिर रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने मुख्यमंत्री की हैसियत से गांधी मैदान में 15वीं बार झंडोत्तोलन किया है। कोरोना काल में आज के राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मुख्य समारोह कार्यक्रम में सोशल मीडिया पर लाइव दिखाया गया। यह भी अपने आप में एक रिकॉर्ड है।

बताते चलें कि आज पूरे देश के साथ ही बिहार में भी 75वें स्वतंत्रता दिवस को अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इस अमृत महोत्सव में भी आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने नाम इतिहास रच डाला। उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में पटना के ऐतिहासिक मैदान में 15 वीं बार ध्वजारोहण किया। एक मीडिया हाउस से बात करते हुए सूचना एवं जनसंपर्क तथा जल संसाधन मंत्री संजय झा ने कहा कि भारत आज 75वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। यह सही अवसर है, जब देश के उस भूभाग में आए उतार-चढ़ावों पर एक नजर डाली जाए, जो लोकतंत्र की जननी है और जिसका इतिहास गौरवशाली है।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने बिहार के इतिहास को पढ़ा-समझा और हाल के दशकों में सफर को देखा-जाना है, उनके मन में खट्टी-मीठी यादों का पुलिंदा है, लेकिन साथ में मुख्यमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने वाले नीतीश कुमार के रूप में उम्मीद जगाता एक लोकप्रिय चेहरा भी है, जिनका व्यक्तित्व, कृतित्व और कुशल नेतृत्व क्षमता उन्हें विशिष्ट बनाता है। वे आज सुशासन के 5474 दिन पूरे कर रहे हैं और स्वतंत्रता दिवस पर 15वीं बार (सर्वाधिक) तिरंगा फहरा रहे हैं।