News TOP STORIES नयी दिल्ली मध्य प्रदेश राष्ट्रीय

MP Election : कहीं फायरिंग तो कहीं चलीं तलवारें, मध्य प्रदेश चुनाव के बीच जमकर हुई हिंसा; कई लोग घायल


भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव जारी हैं। दोपहर 1 बजे तक लगभग 45 फीसद वोटिंग हो चुकी है। चुनाव के बीच कई जगहों पर हिंसा की घटनाएं भी देखने को मिली है। कहीं फायरिंग तो कहीं पथराव हुआ है। इन घटनाओं में कई लोग घायल भी हुए हैं। 

मुरैना और भिंड में जमकर हुई हिंसा

चुनाव के दौरान कई मतदान केंद्रों पर पथराव भी हुआ, जिसमें मुरैना का दिमनी, भिंड का मनहद गांव शामिल है। इस हिंसा में कई लोग घायल हो गई। भिंड में तो भाजपा प्रत्याशी राकेश शुक्ला को ही चोट आ गई।

महू में चली तलवारें, कई घायल

मतदान के बीच महू में हिंसा भड़क गई। महू में तलवारबाजी की घटना देखने को मिली है। यहां दो लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया है।

कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा के लोग उनके पक्ष में वोट डालने का दबाव बना रहे थे। बडगोंदा टीआई कैलाश सोलंकी ने बताया दोनों पक्ष के लोग घायल है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।

मेहगांव में अज्ञात लोगों की गोलीबारी में भाजपा उम्मीदवार घायल

भिंड के मेहगांव विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को अज्ञात व्यक्तियों ने भाजपा उम्मीदवार पर गोली चला दी। घटना में एक आप समर्थक भी घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।

मुरैना के दिमनी में पथराव और गोलीबारी

मुरैना के दिमनी में वोटिंग के दौरान मतदान केंद्र पर भारी हिंसा की बात सामने आई। यहां मतदान के दौरान पथराव और गोलीबारी हुई। घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।