Latest News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय राष्ट्रीय

भारतकी १९८३ विश्वविजेता टीमके नायक यशपाल शर्मा का निधन


राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री ने जताया शोक

नयी दिल्ली (एजेन्सियां) भारत के १९८३ विश्वकप के नायक यशपाल शर्मा का मंगलवार को दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया। वह ६६ वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्रियां और एक पुत्र है। जानकारी के अनुसार सुबह की सैर से लौटने के बाद यशपाल घर में बेहोश होकर गिर पड़े।  उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया लेकिन बचाया नहीं जा सका। यशपाल ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में ३७ टेस्ट में १६०६ रन और ४२ एक दिवसीय मैचों में ८८३ रन बनाए। उन्होंने दोनों प्रारूपों में एक-एक विकेट भी हासिल किया। उन्हें अपने जुझारूपन के लिये जाना जाता है। विश्व कप १९८३ में इंगलैण्ड के खिलाफ सेमीफाइनल में उनकी ६१ रनकी पारी क्रिकेट प्रेमियों को हमेशा याद रहेगी। वह २००० के दशक में राष्ट्रीय चयनकर्ता भी रहे। उनके निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री, राजनाथ सिंह और खेल मत्री अनुराग ठाकुर ने शोक व्क्त किया। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने ट्वीट  कर लिखा कि क्रिकेटर यशपाल शर्मा  के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। १९८३ क्रिकेट विश्वकप में प्रमुख मैचों के दौरान उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन ने क्रिकेट इतिहास में भारत की सबसे बड़ी जीत में से एक में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके परिवार, अनुयायियों और टीम के सदस्यों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि यशपाल शर्मा जी १९८३ की दिग्गज टीम सहित भारतीय क्रिकेट टीम के प्रिय सदस्य थे। वह टीम के साथियों, प्रशंसकों के साथ-साथ नवोदित क्रिकेटरों के लिए एक प्रेरणा थे। उनके निधन से आहत हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा यशपाल शर्मा एक उत्कृष्ट क्रिकेटर और नेकदिल इंसान थे. भारतीय टीम को १९८३ में विश्वश्वविजेता बनाने में उनकी बड़ी प्रभावी. भूमिका थी। एक आलराउंडर के रूप में उन्होंने कई बार भारत को विजय दिलाई। उनके निधन से मुझे दु:ख हुआ है। उनके परिवार और प्रसशंकों के प्रति मेरी संवेदनाएं–शान्ति! गृह मंत्री अमित शाह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा यशपाल शर्मा क्रिकेट के एक उम्दा खिलाडी थे जिन्होंने १९८३ क्रिकेट विश्वकप में भारत की ऐतिहासिक जीत में अहम योगदान दिया उनकी रोमांचक पारियां हमेशा हमारी स्मृति में रहेंगी, उनका निधन क्रिकेट जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उनके परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। खेल मंत्री और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने ट्विटर पर लिखा दिग्गज क्रिकेटर और १९८३ विश्वकप विजेता टीम के सदस्य यशपाल शर्मा के निधन से दुखी हूं। उनका करियर शानदार रहा और १९८३ विश्वकप में वह भारत की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर रहे। उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।