पटना

ललन बने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लगी मुहर


अध्यक्ष पद से आरसीपी का इस्तीफा

पटना (आससे)। लोकसभा में जदयू संसदीय दल के नेता और मुंगेर के सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए हैं। 27 दिसम्बर, 2020 को नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद छोडऩे के बाद इस पद को संभालने वाले केन्द्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह ने नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में शनिवार शाम हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में खुद ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा। नीतीश कुमार, बशिष्ठ नारायण सिंह, उपेन्द्र कुशवाहा, केसी त्यागी समेत सभी वरिष्ठ नेताओं ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव पर मुहर लगा दी।

बिहार विधान परिषद, राज्यसभा और अब तीसरी बार मुंगेर से लोकसभा पहुंचे ललन सिंह की गिनती जदयू के कद्दावर नेता के रूप में होती है। जदयू के वे पांचवें राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। स्व. जार्ज फर्णांडिस, शरद यादव, नीतीश कुमार और आरसीपी सिंह के बाद उन्हें पार्टी की कमान सौंपी गयी है। जदयू के संगठन के साथ ही प्रदेश की सरकार तक में महत्वपूर्ण भूमिकाओं को मजबूती से निभाया है।

नीतीश कुमार द्वारा ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद सौंपे जाने के कयास पहले से ही लगाये जा रहे थे। दरअसल, जुलाई माह के आरंभ में केन्द्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में जदयू के दो नेताओं के नाम प्रमुखता से उछल रहे थे। आरसीपी सिंह के मंत्री बनने तथा उसके बाद राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाए जाने से इसे और बल मिला था।

शनिवार को इस बैठक में शामिल होने जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने दिल्ली स्थित 6 कामराज लेन से एक ही गाड़ी में ललन सिंह और आरसीपी सिंह के साथ निकले तो यह स्पष्ट हो गया कि नीतीश कुमार ललन सिंह को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का जिम्मा सौंपने जा रहे हैं। बहरहाल ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर जदयू ने एक सवर्ण चेहरे को आगे करके एक बड़ा संदेश भी देने की कोशिश की है। इसे जदयू की ओर से सामाजिक समीकरण को दुरुस्त करने की पहल के रूप में भी देखा जा रहा है।

जदयू के प्रमुख नेता व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भरोसेमंद ललन सिंह समता पार्टी के जमाने से उनके साथ हैं। वह जदयू में इसके स्थापना काल से जुड़े रहे हैं। उनको लम्बा सांगठनिक अनुभव भी है। बिहार की सत्ता में पिछले 16 साल से काबिज जदयू के बिजेन्द्र प्रसाद यादव के बाद वे दूसरे प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। दिसम्बर 2005 से फरवरी 2010 तक करीब सवा चार साल प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उन्होंने पार्टी को मजबूत बनाने में काम किया है।

राज्यसभा व लोकसभा सांसद रहे ललन सिंह विधान परिषद भी रह चुके ललन सिंह बिहार सरकार में पहली बार मांझी कैबिनेट में पथ निर्माण मंत्री बने। इसके बाद 2015 में जल संसाधन मंत्री बने। मुंगेर लोकसभा से ललन सिंह तीसरी बार सांसद बने हैं।

छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय ललन सिंह जेपी आंदोलन में बढ़-चढक़र शामिल हुए थे। राजनीति में मुखर वक्ता के तौर पर पहचान बनाने वाले ललन सिंह अप्रैल 2000 में राज्यसभा सांसद बने। जदयू के दूसरे प्रदेश अध्यक्ष बने और दिसम्बर 2005 से लेकर फरवरी 2010 तक रहे। जबकि 2004 व 2009 के बाद 2019 में तीसरी बार मुंगेर से लोकसभा सांसद बने।

जबकि 2014 में वे बिहार विधान परिषद के लिए भी मनोनीत हुए। 2019 में सांसद बनने से पहले तक वे विधान पार्षद ही थे। बीच के अवधि में ललन सिंह ने कुछ समय के लिए जदयू से नाता तोड़ लिया था। बिहार में जीतन राम मांझी के कैबिनेट में 2014 में पहली बार पथ निर्माण मंत्री बने। इसके बाद 2015 में महागठबंधन सरकार में भी वे जल संसाधन मंत्री बने।