News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

AAP Protest: प्रदर्शन में बोले केजरीवाल- गली-गली में शोर है, भाजपा वोट, BJP मुख्यालय की ओर निकले प्रदर्शनकारी


नई दिल्ली। AAP Protest For Chandigarh Mayor Election: आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ मेयर इलेक्शन के चुनाव परिणाम के खिलाफ आज दिल्ली में प्रदर्शन कर रही है। हालांकि इससे पहले ही दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन को रोकने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग लगा दी है।

 

इसके साथ ही प्रदर्शन में शामिल होने पंजाब और हरियाणा से आ रहे आप कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सिंघु व टीकरी बॉर्डर पर रोक लिया। इसके खिलाफ आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल से लेकर आतिशी सौरभ भारद्वाज व तमाम नेता अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। यहां पढ़ें दिनभर की अपडेट्स…

केजरीवाल और भगवंत मान पहुंचे आप दफ्तर

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान आप दफ्तर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। केजरीवाल ने कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में बीजेपी ने वोटों की चोरी की। अगर पीएम नरेंद्र मोदी 2024 में चुनाव जीत गए तो इनका नाम नरेंद्र पुतिन हो जाएगा। वहीं भगवंत मान ने कहा कि अगर गड़बड़ी ही करनी है तो चुनाव क्यों करते हो, तानाशाही शुरू कर दो।

विधानसभा अध्यक्ष और डिप्टी मेयर नजरबंद

दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष रामनिवास गोयल और डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल को घर में नजरबंद रखा गया है। दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को एक एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कथित धोखाधड़ी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ आप के विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल और डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल को घर में नजरबंद कर दिया गया है।

पार्टी दफ्तरों में मल्टीलेयर बैरिकेडिंग

पुलिस ने कहा कि शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा के प्रदर्शन के मद्देनजर मध्य दिल्ली में मल्टीलेयर बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जहां आप चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कथित धोखाधड़ी को लेकर भाजपा मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगी, वहीं भाजपा ने कहा है कि उसके सदस्य अरविंद केजरीवाल सरकार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आप मुख्यालय के पास विरोध प्रदर्शन करेंगे।

‘देश जानता है भाजपा ने की धोखाधड़ी’

आप नेता और मंत्री सौरभ भारद्वाज ने भाजपा पर आरोप लगाया कि ‘देश जानता है कि बीजेपी ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कैसे धोखाधड़ी की। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान आज बीजेपी कार्यालय पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस विरोध प्रदर्शन से पहले , हमारे विधायकों, पार्षदों और पार्टी कार्यकर्ताओं को दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर हिरासत में लिया जा रहा है। क्या बीजेपी अरविंद केजरीवाल से इतनी डरी हुई है कि वे यह विरोध प्रदर्शन नहीं होने दे रहे हैं?’

टीकरी बॉर्डर पर भी रोके जा रहे कार्यकर्ता

टीकरी बार्डर पर भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है। हालांकि यहां पर आने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या काफी कम है।

पुलिसकर्मियों का कहना है कि किसी को भी रोका नहीं जा रहा है। ज्यादातर लोग बहादुरगढ़ से मेट्रो में सवार होकर दिल्ली पहुंच चुके हैं। उन्हें कैसे रोका जाए।

पुलिसकर्मियों का कहना है कि सिर्फ उन लोगों को रोका जा रहा है जो गाड़ी पर या तो झंडा गाकर आ रहे हैं या उन्होंने गाड़ी पर कोई बैनर लगाया हुआ है।

 

पहले वोट चोरी किए अब…

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक केजरीवाल का दावा है कि पूरी दिल्ली में बैरिकेडिंग कर उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को दिल्ली आने से रोका जा रहा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘पहले चंडीगढ़ मेयर चुनाव में वोट चोरी किए। अब इसके खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने आ रही जनता को जगह-जगह दिल्लीभर में रोका जा रहा है।

आतिशी ने पूछा क्यों डरी हुई है भाजपा

आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली सरकार में मेंत्री आतिशी ने कहा कि पूरी दिल्ली में भारी संख्या में बैरिकेड लगा दिए गए हैं। सैकड़ों की संख्या में पैरा-मिलिट्री फोर्स आप दफ्तर के बाहर तैनात है। आखिर भाजपा चंडीगढ़ मेयर चुनाव के परिणाम के खिलाफ प्रदर्शन से इतनी डरी हुई क्यों है ?

कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के बाद क्या बोली पुलिस

दिल्ली पुलिस का कहना है कि उसने सिंघु बॉर्डर पर 25 आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। वह सभी पार्टी के पंजाब और हरियाणा इकाई के कार्यकर्ता हैं।

पुलिस को शक है कि वह आज दिल्ली में होने वाले पार्टी के प्रदर्शन में भाग लेने जा रहे हैं। 25 के साथ ही कुछ अन्य कार्यकर्ताओं को भी रोका गया है। पुलिस ने साफ किया है कि जिन्हें भी हिरासत में लिया गया है उन्हें वेरिफिकेशन के बाद बॉर्डर से आगे जाने दिया जाएगा।