Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

Assembly Elections : चार राज्‍यों में बंपर जीत के बाद वोट शेयर के मामले में BJP किससे रही पीछे,


नई दिल्‍ली, । Assembly Elections Analysis: पांच राज्‍यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आ चुके हैं। इसमें उत्‍तर प्रदेश, उत्‍तराखंड, गोवा और मणिपुर में भाजपा ने जीत हासिल की है। पंजाब में किसी दल की दाल नहीं गली, वहां आम आदमी पार्टी आप का परचम लहराया है। इन राज्‍यों में सरकार गठन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इस चुनाव में खास बात यह रही कि राजनीतिक दलों के वोटों की संख्‍या में बदलाव देखने को मिला है। इतना ही नहीं उनके वोट शेयर में भी अंतर देखने को मिला है। हालांकि, वोट शेयर पर आम मतदाताओं का ध्‍यान नहीं जाता है, जबकि यह चुनाव में राजनीतिक दलों के प्रदर्शन का एक खास बिंदु है। आइए जानते हैं कि इस वर्ष हुए पांच राज्‍यों के विधानसभा चुनाव में पिछले चुनाव के मुकाबले प्रमुख राजनीतिक दलों के वोट शेयर में कितना अंतर आया है। पांच राज्‍यों में देश की प्रमुख राजनीतिक दलों का क्‍या प्रदर्शन रहा है।

क्‍या है वोट शेयर का महत्‍व

चुनावी नतीजों में वोट शेयर का खास महत्‍व है। इसका तात्‍पर्य यह है कि किसी पार्टी को किस प्रदेश के कितने लोगों ने वोट दिया। चुनाव में भले सीटों की संख्‍या में कमी आई हो, लेकिन राजनीतिक दलों की नजर वोट प्रतिशत पर जरूर होती है। चुनाव में वोटों की संख्‍या में हो सकता है कि कोई राजनीति दल पीछे हो लेकिन उसका वोट शेयर ज्‍यादा होने पर उक्‍त राजनीतिक दल के प्रभाव का अंदाजा लगाया जा सकता है। राजनीतिक दल अपनी चुनावी समीक्षा में मत प्रतिशत को खास महत्‍व देते हैं, इससे वह प्रदेश में अपनी स्थिति या मौजूदगी का अनुमान लगाते हैं।

यूपी: भाजपा के मुकाबले सपा का वोट शेयर ज्‍यादा

यूपी विधानसभा चुनाव में 403 सीटों पर चुनाव हुए। इसमें भारतीय जनता पार्टी ने 255 सीटों पर विजय हासिल की है। समाजवादी पार्टी को 111 सीटें मिली। वह दूसरे स्‍थान पर रही। यदि यूपी में वोट शेयर की बात करें तो भाजपा को वर्ष 2017 के मुकाबले वोट शेयर में 1.63 फीसद का इजाफा हुआ है। वर्ष 2017 में भाजपा को 39.67 फीसद वोट शेयर मिला था, जो इस बार बढ़कर 41.29 फीसद हो गया। इस बार के चुनाव में भले ही भाजपा को वोट अधिक मिले हो, लेकिन वोट शेयर समाजवादी पार्टी का बढ़ा है। सपा के वोट शेयर में 10.25 फीसद की बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2017 के चुनाव में सपा को 21.82 फीसद वोट शेयर मिला था। इस बार यह बढ़कर 32.06 फीसद हो गया। हार के बावजूद सपा के लिए यह संतोष का विषय हो सकता है। बसपा के वोट शेयर में ज्‍यादा कमी आई है। उसका वोट शेयर 9.35 फीसद गिरा, पार्टी के हिस्से 12.88 फीसद वोट शेयर आया है। राष्ट्रीय लोकदल के वोट शेयर में 1.07 फीसद का इजाफा हुआ है। उसको 2.85 फीसद वोट शेयर मिला है। कांग्रेस का वोट शेयर 3.91 फीसद गिरा है। इस बार 2.33 फीसद वोट शेयर मिला है।

उत्तराखंड: वोट शेयर के मामले कांग्रेस फायदे में भजपा को नुकसान

उत्‍तराखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत हासिल हुई है। उत्‍तरांखड चुनाव में भाजपा के 47 वोटों से बहुमत हासिल करने के बाद भी पार्टी के वोट शेयर में 2.18 फीसद की गिरावट आई है। भाजपा को वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में 46.51 फीसद वोट शेयर मिला था जो इस बार घटकर 44.33 रह गया। उधर, इस राज्‍य में कांग्रेस के वोट शेयर में 4.42 फीसद की वृद्धि हुई है। कांग्रेस को पिछली बार 33.49 फीसद वोट शेयर मिला था, जो इस बार 37.91 फीसद हो गया है। मायावती की बसपा पार्टी के वोट शेयर में इस बार 2.16 फीसद की कमी आई है। बसपा के लिए यह चिंता का विषय है।

पंजाब: AAP का वोट शेयर 18.30 फीसद बढ़ा

पंजाब विधानसभा चुनाव के नतीजों ने सबको चौंकाया। पंजाब विधानसभा की 117 सीटों पर आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों पर विजय हासिल की। पंजाब में आप सरकार बनाने की तैयारी में है। वह पहली बार राज्य की सत्ता में आई है। 117 सीटों की विधानसभा में पार्टी को पूर्ण बहुमत हासिल हुआ है। वोट शेयर की बात करें तो इस बार AAP का वोट शेयर 18.30 फीसद बढ़ा है। पार्टी को इस चुनाव में 42.01 फीसद और 2017 के चुनाव में 23.72 फीसद वोट शेयर मिला था। है। कांग्रेस के वोट शेयर में गिरावट आई है। वोट शेयर 15.52 प्रतिशत कम हुआ है। पार्टी को पिछले विधानसभा चुनाव में 38.50 फीसद वोट शेयर मिला था, जबकि इस बार 22.98 फीसद रह गया। हालांकि, वोटों के मामले में पार्टी 18 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर है। भाजपा और बसपा का वोट शेयर इस बार बढ़ा है। भाजपा के वोट शेयर में 1.21 फीसद का इजाफा हुआ है। पिछली बार के 5.39 फीसद से इस बार 6.60 फीसद पर पहुंची है। बसपा के वोट शेयर में 0.26 फीसद की वृद्धि हुई है।

गोवा: भाजपा के वोट शेयर में भी 0.83 फीसद की वृद्धि

40 सीटों वाली गोवा विधानसभा में 20 सीटों के साथ भाजपा ने जीत हासिल की है। भाजपा के वोट शेयर में भी 0.83 फीसद की वृद्धि हुई है। वर्ष 2017 के चुनाव में पार्टी को 32.48 फीसद वोट शेयर मिला था जो अब बढ़कर 33.31 फीसद हुआ है। आम आदमी पार्टी का वोट शेयर 0.51 फीसद बढ़कर 6.77 फीसद हो गया है। कांग्रेस के वोट शेयर में 4.89 फीसद की गिरावट आई है। पिछले चुनाव में पार्टी को 28.35 फीसद वोट शेयर मिला था जो घटकर 23.46 प्रतिशत हो गया