Latest News पटना बिहार

Bihar Panchayat Election: जारी है मतों की गिनती, अबतक इन उम्मीदवारों ने चखा जीत का स्वाद


  • बिहार में पहले चरण में 10 जिलों के 12 प्रखंडों की 151 पंचायतों के लिए शुक्रवार को वोट डाले गए। आज मतगणना की प्रक्रिया जारी है। मतदान की तरह ही मतगणना के लिए सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर मतगणना का कार्य सोमवार को भी जारी रह सकता है। अबतक तीन प्रत्याशी जीत चुके हैं। इनके नाम- राजकुमार चौबे, शंभू सिंह, अनिल पासवान, प्रियंका देवी, मिथलेश कुमार सिंह, बलबीर यादव, रधिया देवी, मोबिना खातून, रफीदा खातून, ललिता देवी, सुनीता देवी, सुरजी देवी, खुशनुमा प्रवीण, बिंदा यादव, जितेंद्र कुमार, अरविंद कुमार, कौशल्या देवी, शशिभूषण प्रसाद और अनोज कुमार हैं। वहीं औरंगाबाद जिले की सदर प्रखंड में कई उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है।

सासाराम: संझौली प्रखंड में मुखिया पद पर चांदी पंचायत मिथिलेश कुमार, करमैनी पंचायत सुभाष चंद्रा जीते। पंचायत समिति सदस्य चांदी पंचायत मधु कुमारी, करमैनी से 1 समीर चंद, 2 से मंटू कुमार, सरपंच चांदी पंचायत सुनील कुमार चौधरी, मझौली से जितेंद्र सिह जीते।

मतदान केंद्र के बाहर बैठे हैं फूल-माला वाले

गया कॉलेज स्थित मानविकी भवन में वोटों की गिनती जारी है। बाहर उम्मीदवारों के समर्थकों की भीड़ लगी हुई है। वहीं मतदान केंद्र के बाहर फूल-माला बेचने वाले बैठे हैं जो अपनी कमाई का इंतजार कर रहे हैं।

रिंकी मिश्रा जीतीं

सलथुआ पंचायत से रिंकी मिश्रा को जीत मिली।

इब्राहिमपुर पंचायत में बृजमोहन कुमार सिंह जीते

इब्राहिमपुर पंचायत से मुखिया पद पर बृजमोहन कुमार सिंह जीते। उन्हें 3601 मत मिले जबकि दूसरे नंबर पर रहे मुखिया बालमुकुंद यादव को 1705 मत मिले। बृजमोहन कुमार सिंह ने 1896 मतों से जीत दर्ज की। तीसरे नंबर पर रहे पूर्व मुखिया रमेश कुमार सिंह को 1574 मत मिले।

पंचायत समिति पद पर राणा सिंह जीते

कर्मा भगवान पंचायत में पंचायत समिति पद पर राणा सिंह ने 364 वोट से जीत दर्ज की। राणा सिंह को कुल 1186 मत मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सोनू यादव को 822 मत मिले।

कैमूर में कड़े पहरे के बीच जारी है काउंटिंग

कैमूर जिले के बाजार समिति में सुरक्षा को लेकर पुलिस और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। मतगणना में शामिल होने के लिए आने वाले लोगों की मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है। अंदर मोबाइल लेकर जाने की मनाही है।

औरंगाबाद जिले की सदर प्रखंड में जीते ये उम्मीदवार

सदर प्रखंड की पडरावां पंचायत से मुखिया पद पर अनिल पासवान जीते। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी गुलशन कुमार को 253 मतों से हराया। अनिल पासवान को 1395 और गुलशन कुमार को 1142 मत मिले।

खैरा बिंद पंचायत से मुखिया पद पर सुजीत कुमार सिंह ने दूसरी बार जीत दर्ज की। उन्होंने 221 मतों से जीत दर्ज की। सुजीत कुमार सिंह को 2116 और संतोष कुमार सिंह को 1895 मत मिले।

कर्मा भगवान पंचायत से मुखिया पद पर वीरेंद्र पासवान ने वीरेंद्र राम को हराया। वीरेंद्र पासवान को 2479 और वीरेंद्र राम को 2038 मत मिले। वीरेंद्र पासवान ने 441 मतों से जीत दर्ज की।

पडरावां पंचायत से पंचायत समिति पद पर सरिता देवी ने जीत दर्ज की। सरिता देवी को 732 और पिंकी देवी कोसी को 523 मत मिले। 209 मतों से सरिता देवी ने जीत दर्ज की।

खैरा बिंद पंचायत से पंचायत समिति पद पर ओमप्रकाश यादव उर्फ बादशाह यादव ने 600 मतों से जीत दर्ज की। बादशाह यादव को 1540 मत मिले।

गया कॉलेज के आगे लगी समर्थकों की भीड़

गया कॉलेज स्थित वाणिज्य भवन में खिजरसराय प्रखंड में मतगणना जारी है। गया कॉलेज के आगे उम्मीदवारों के समर्थकों की भीड़ लगी हुई है। कड़ी सुरक्षा के बीच सुरक्षाकर्मी मतगणना करवा रहे हैं।

नवादा जिले के गोविंदपुर प्रखंड की बकसोती पंचायत का आया परिणाम

14 वार्ड सदस्यों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। वार्ड 1 में बलबीर यादव, 2 में रधिया देवी, 3 में मोबिना खातून, 4 में रफीदा खातून, 5 में ललिता देवी, 6 में सुनीता देवी, 7 में सुरजी देवी, 8 में खुशनुमा प्रवीण, 9 में बिंदा यादव, 10 में जितेंद्र कुमार, 11 में अरविंद कुमार, 12 में कौशल्या देवी, 13 में शशिभूषण प्रसाद और 14 में अनोज कुमार विजयी घोषित किए गए हैं।

सासाराम में दो उम्मीदवार जीते

सासाराम जिले के दावथ प्रखंड के जमसोना से प्रियंका देवी पहली बार चुनाव जीत गई हैं। उन्होंने रागनी कुमारी को हराया है। वहीं संझौली प्रखंड के चांदी पंचायत से मिथलेश कुमार सिंह जीते हैं।

जमुई की कुमार पंचायत से जीते शंभू सिंह

जमुई में कड़ी सुरक्षा के बीच काउंटिंग पहला परिणाम घोषित हो गया है। सिकंदरा की कुमार पंचायत से शंभू सिंह 1280 मतों से जीत गए हैं। दूसरे नंबर पर रिशु सिंह रहे।

अरवल में होगा 913 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

अरवल जिले में सोनभद्र बंशी सूर्यपुर प्रखंड के माली पंचायत की मतगणना शुरू हो गई है। फतेहपुर संडा कॉलेज को मतगणना स्थल बनाया गया है। आज आठ पंचायतों के 913 उम्मीदवारों की हार-जीत का फैसला होना है।

जमुई में जारी है मतगणना

जमुई में मतगणना जारी है। आज सिकंदरा प्रखंड की 13 पंचायतों के सभी उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा।

पडरावां पंचायत के वार्ड 10 से रामकुमार चौबे जीते

औरंगाबाज जिले के सदर प्रखंड की पडरावां पंचायत के वार्ड 10 से रामकुमार चौबे जीत गए हैं। चुनाव मैदान में 1525 प्रत्याशी थे। इस प्रखंड में 1.26 लाख मतदाता हैं। 227 बूथों पर चुनाव हुआ था। जिला परिषद का पांचवां राउंड जारी है, अभी तक की गिनती में नशरीन निशा आगे चल रही हैं।

काउंटिेंग सेंटर पर सुरक्षा के मजबूत इंतजाम

मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बिना पास के मतगणना केंद्र तक कोई भी नहीं पहुंच सकता है। कोई भी शख्स मतगणना केंद्र के अंदर संदिग्ध वस्तु लेकर नहीं जा सकता।

पंचायत निर्वाचन का परिणाम जानने को परेशान रहे समर्थक

सासाराम शहर के तकिया बाजार समिति में मतगणना शुरू कर हो गई है। सुबह 8 बजे से ही मतगणना की कार्रवाई शुरू हो गई है। सुबह 5:30 बजे से मतगणना कर्मियों के साथ-साथ पदाधिकारियों का पहुंचना शुरू हो गया। 6 बजे तक कर्मचारी अधिकारी रिपोर्टिंग कर चुके थे। उसके बाद प्रतिनियुक्त कर्मचारी व पदाधिकारी अपने-अपने कार्यस्थल की ओर कूच कर गए।

8 बजे से संझौली व दावत प्रखंड के समर्थक बाजार समिति के मेन गेट पर फूल माला लेकर खड़े हैं। वे अपने प्रत्याशी का परिणाम जानने के लिए उत्सुक हैं। हालांकि बाजार समिति के मेन गेट पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। परिचय पत्र जांच के बाद ही लोगों को अंदर प्रवेश कराया जा रहा था। बिहार विधानसभा के तर्ज पर ही समर्थको की भीड़ उमड़ पड़ी है।

प्रत्येक प्रखंड हेतु 6-6 काउंटिंग हॉल, अलग-अलग बनाये गए हैं। कुल 683 कर्मियों को मतगणना के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है। लगभग 105 सुरक्षा कर्मी, जिला सशस्त्र बल से, परिसर की चाक चौबंद सुरक्षा हेतु प्रतिनियुक्त किये गए हैं।

गया में मतगणना शुरू

गया में मतगणना शुरू हो गई है। बेलागंज और खिजरसराय प्रखंड में मतगणना केंद्र के बाहर लोगों की भारी भीड़ लगी हुई है।

बांका के धोरैया प्रखंड में पहुंचे मतगणना कर्मी