News TOP STORIES पटना बिहार

Bihar Panchayat Results :34 जिलों के 48 प्रखंडों के 692 ग्राम पंचायतों पर काउंटिंग जारी


बिहार में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग के बाद शुक्रवार को मतगणना हो रही है। विजेताओं के नाम भी सामने आने लगे हैं। इस चरण में 34 जिलों के 48 प्रखंडों के 692 ग्राम पंचायतों पर मतदान हुआ था। मतगणना सुबह आठ बजे जारी है। प्रदेश चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि बिहार में 11 चरणों में होने वाले पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की मतगणना शुक्रवार सुबह शुरू हो गई। पंचायत चुनाव के दूसरा चरण में बुधवार को 34 जिलों के 48 प्रखंडों पर मतदान हुआ था। कुल 21,000 पदों पर 71,400 से अधिक उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हुआ। दूसरे चरण में 55.02 प्रतिशत मतदान हुआ। महिला मतदाताओं ने 60.02 प्रतिशत जबकि पुरुष मतदाताओं ने 46.02 प्रतिशत मतदान किया। बता दें, बिहार पंचायत चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान 24 सितंबर को 10 जिलों के 12 प्रखंडों में 4,647 पदों पर हुआ था।

बक्सर जिले में राजपुर प्रखंड की बारुपुर पंचायत लीलावती देवी मुखिया पद का चुनाव जीत गई हैं। वह भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बबन उपाध्याय की बहू हैं। उन्होंने निवर्तमान मुखिया दीपिका देवी को हराया है।

जहानाबाद के घोसी प्रखंड में जिला परिषद भाग 1 की सीट से अजय सिंह टुन्नू ने जीत हासिल की है। घोसी प्रखंड की भारथु पंचायत से हेमंत शरण उर्फ कुंदन मुखिया चुने गए हैं।

जमुई के अलीगंज में अधा पंचायत में प्रधान पद पर हिना कौसर ने जीत हासिल की है। औरंगाबाद के नवांजर की महुआं पंचायत में ब्रजमोहन सिंह जीत गए हैं।