News TOP STORIES उड़ीसा उत्तर प्रदेश उत्तराखण्ड कानपुर झारखंड नयी दिल्ली पंजाब पटना बंगाल बिहार मध्य प्रदेश महाराष्ट्र रांची राजस्थान राष्ट्रीय लखनऊ

Breaking News : विपक्ष के 11 राज्यसभा सांसदों पर कार्रवाई, हंगामा करने पर एक सप्ताह के लिए किया निलंबित


नई दिल्ली, । संसद के मानसून सत्र के सातवें दिन भी विपक्ष का हंगामा जारी है। हालांकि, विपक्ष द्वारा राज्यसभा में हंगामा करने पर 11 सांसदों के खिलाफ एक्शन लिया गया है। इन 11 सांसदों को एक सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया गया है। नेशनल हेराल्ड से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में ईडी अधिकारियों ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ की। सोनिया से पूछताछ के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने देश भर में प्रदर्शन किया। वहीं, दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई नेताओं को हिरासत में लिया है। भारत के लिए निराशाजनक खबर सामने आई है। नीरज चोपड़ा चोट के कारण आगामी कामनवेल्थ गेम्स से बाहर हो गए हैं। उन्हें 20 दिन के लिए आराम की सलाह दी गई है। उन्होंने हाल ही में वर्ल्ड एथलेटिक्स में सिल्वर मेडल जीता था। भारत आज कारगिल युद्ध की 23वीं वर्षगांठ मना रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर दिल्ली के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। 

  • 02:46 PM, 26 Jul 2022

    मार्गरेट अल्वा के आरोपों पर बोले गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा

    मार्गरेट अल्वा के आरोपों पर गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी ने कहा कि हताश और निराश लोग इस तरह की बातें करते हैं। उनकी (मार्गरेट अल्वा) जीत की संभावनाएं नहीं है। मेरी सहानुभूति उनके साथ है।

  • 02:40 PM, 26 Jul 2022

    महाराष्ट्र एटीएस ने एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार

    महाराष्ट्र एटीएस ने 2016 के एक मामले में पंजाब से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन घायल हो गए थे। गिरफ्तार आरोपी को अंतरराष्ट्रीय आतंकी रिंदा का करीबी भी माना जाता है।

  • 02:31 PM, 26 Jul 2022

    कई सांसदों को किया गया निलंबित

    टीएमसी सांसद सुष्मिता देव, डॉ शांतनु सेन और डोला सेन सहित अन्य राज्यसभा सांसदों को सदन के वेल में प्रवेश करने और नारेबाजी करने के लिए निलंबित कर दिया गया है।

  • 02:27 PM, 26 Jul 2022

    ‘विपक्ष की आवाज को कुचलना चाहती है केंद्र सरकार’

    कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने ठान रखी है कि वे एजेंसियों का गलत उपयोग करके विपक्ष की आवाज को कुचलने और कांग्रेस के नेताओं को टारगेट करेंगे। हम पूछताछ से नहीं डर रहे हैं, केस में कोई दम नहीं है, लगातार हर बात का जवाब दिया जा रहा है लेकिन इन एजेंसी का दुरुपयोग हो रहा है।

  • 02:23 PM, 26 Jul 2022

    कैटरीना-विकी को धमकी देने वाले शख्स को कोर्ट में किया पेश

    सोशल मीडिया के माध्यम से कैटरीना कैफ और विक्की कौशल को धमकाने के आरोपी व्यक्ति को बांद्रा की एक अदालत में पेश किया गया। जहां उसे अदालत ने 2 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

  • 01:55 PM, 26 Jul 2022

    द्रौपदी मुर्मू से मिले कई राज्यपाल

    पंजाब और चंडीगढ़ के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित, आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन, बिहार के राज्यपाल फागू चौहान और राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी।

  • 01:51 PM, 26 Jul 2022

    गुजरात में नकली शराब त्रासदी में 28 की मौत

    गुजरात में नकली शराब त्रासदी में कुल 28 लोगों की मौत हो गई है। गुजरात के डीजीपी आशीष भाटिया ने यह जानकारी दी है।

  • 01:39 PM, 26 Jul 2022

    लखीमपुर हिंसा मामले में आशीष मिश्रा को बड़ा झटका

    लखीमपुर हिंसा मामले में मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा को आज बड़ा झटका लगा है। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है।

  • 12:56 PM, 26 Jul 2022

    सांसद जयंत चौधरी ने सरकार पर साधा निशाना

    रालोद सांसद जयंत चौधरी ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि सरकार संसद में मुद्रास्फीति और अग्निपथ भर्ती योजना पर चर्चा करना चाहती है या नहीं। सर्वदलीय बैठक में राजनाथ सिंह ने स्वीकार किया था कि अग्निपथ एक महत्वपूर्ण मुद्दा है और इस पर चर्चा होनी चाहिए। अब तक, सरकार ने इन मुद्दों पर चर्चा नहीं की है।

  • 12:54 PM, 26 Jul 2022

    सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को दिया निर्देश

    सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों को मुफ्त में उपहार देने से रोकने के लिए समाधान खोजने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने मामले को आगे की सुनवाई के लिए 3 अगस्त की तारीख तय की है।

  • 12:52 PM, 26 Jul 2022

    सीएम शिवराज सिंह ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि

    मध्य प्रदेश के भोपाल में कारगिल विजय दिवस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कारगिल युद्ध में जान गंवाने वाले जवानों को शौर्य स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हमारे वीर जवानों ने पहाड़ियों पर चढ़कर दुश्मन से युद्ध किया। इस लड़ाई में सेना ने जिस वीरता का परिचय दिया वो दुनिया के इतिहास में अद्भुत है।

  • 12:48 PM, 26 Jul 2022

    अरविंद केजरीवाल ने सोमनाथ मंदिर में की पूजा

    दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की।

  • 12:46 PM, 26 Jul 2022

    उपसभापति ने सांसदों से की अपील

    संसद के मानसून सत्र के दौरान विपक्षी सांसदों ने राज्यसभा में हंगामा किया। उपसभापति ने सांसदों से अपील करते हुए कहा कि मैं सदन के वेल में खड़े होकर नारे लगाने और ताली बजाने वाले सदस्यों से कहना चाहता हूं कि यह नियमों के खिलाफ है। कृपया अपनी सीटों पर वापस जाएं। पूरा देश देख रहा है कि आप सदन को चलने नहीं दे रहे।

  • 12:38 PM, 26 Jul 2022

    CM भगवंत मान बोले- पंजाब सरकार शहीदों के परिवार को देगी एक करोड़ रुपये

    पंजाब के CM भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने फैसला किया है कि सरहद पर जान गंवाने वाले जवान के परिवार को 1-1 करोड़ रुपए सहायता राशि के तौर पर देंगे। हालांकि यह सैनिकों के बलिदान के बराबर नहीं है, लेकिन परिवार को आर्थिक तंगी न आए इसलिए हम उन्हें 1 करोड़ की राशि देंगे।

  • 12:29 PM, 26 Jul 2022

    कॉमनवेल्थ गेम्स में नहीं हिस्सा लेंगे नीरज चोपड़ा

    वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता नीरज चोपड़ा चोट के कारण कॉमनवेल्थ गेम्स में नहीं खेल पाएंगे। उन्होंने IOA के महासचिव राजीव मेहता को इसकी जानकारी दी है। नीरज को 20 दिन तक आराम करने की सलाह दी गई है।

  • 12:14 PM, 26 Jul 2022

    लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित

    मॉनसून सत्र के सातवें दिन विपक्षी सदस्यों की लगातार नारेबाजी के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

  • 12:09 PM, 26 Jul 2022

    राज्यसभा की कार्यवाही फिर से स्थगित हुई

    राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने हंगामा किया। जिसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12.20 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

  • 11:58 AM, 26 Jul 2022

    संसद में महंगाई पर जल्द चर्चा होगी- प्रह्लाद जोशी

    केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि संसद में महंगाई पर चर्चा होगी। वित्त मंत्री सीतारमण जो Covid-19 से पीड़ित थी, वह एक या दो दिन में वापस आएंगी, फिर हम चर्चा करेंगे। दुनिया के कई देशों की तुलना में भारत ने महंगाई पर काबू पाया है।

  • 11:51 AM, 26 Jul 2022

    भाजपा सांसद दिलीप घोष बोले

    बंगाल एसएससी घोटाले पर भाजपा सांसद दिलीप घोष ने कहा कि एजेंसियों ने सही कार्रवाई की और सही जगह पहुंच गई, इसलिए बड़ी संख्या में नोटों के बंडलों का पता लग पाया। क्या आपको इसके लिए वोट मिले? क्या आप चुनाव में जीतकर 21 करोड़ रुपये लूटेंगे। आपको यह अधिकार किसने दिया।

  • 11:34 AM, 26 Jul 2022

    दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का बयान

    गुजरात में जहरीली शराब से हुई मौतों पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं, जो शराब पीने से मारे गए हैं, हम उन लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना करते हैं जो वर्तमान में अस्पताल में इलाज करा रहे हैं।

  • 11:26 AM, 26 Jul 2022

    सुप्रीम कोर्ट करेगा 1 अगस्त को सुनवाई

    सुप्रीम कोर्ट एक अगस्त को शिवसेना के उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले खेमे की याचिका पर सुनवाई करेगा। जिसमें एकनाथ शिंदे समूह के असली शिवसेना के रूप में मान्यता के दावे पर भारत के चुनाव आयोग के समक्ष कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग की गई थी।

  • 11:15 AM, 26 Jul 2022

    लोकसभा की कार्यवाही 11:45 बजे तक के लिए स्थगित

    संसद में विपक्ष की नारेबाजी के बीच लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11:45 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

  • 11:13 AM, 26 Jul 2022

    राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित

    संसद के मानसून सत्र में विपक्ष का हंगामा जारी है। आज भी विभिन्न मुद्दों को लेकर विपक्ष ने हंगामा किया। जिसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

  • 11:06 AM, 26 Jul 2022

    टीएमसी सांसदों ने किया प्रदर्शन

    गारो और खासी को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर टीएमसी सांसदों ने संसद के पास विरोध प्रदर्शन किया। सुदीप बंद्योपाध्याय कहते हैं कि हम संविधान की आठवीं अनुसूची में गारो और खासी को शामिल करने की मांग कर रहे हैं। मैं आज शून्यकाल में इस मुद्दे को संसद में उठाने जा रहा हूं।

  • 11:04 AM, 26 Jul 2022

    होम आइसोलेशन में हैं सीएम नीतीश कुमार

    बिहार के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कोरोना पाजिटिव पाए गए। वह पिछले 2-3 दिनों से अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। मुख्यमंत्री अभी होम आइसोलेशन में हैं और डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।

  • 11:03 AM, 26 Jul 2022

    संसद परिसर में चल रही कांग्रेस सांसदों की बैठक

    मानसून सत्र के सातवें दिन की कार्यवाही से पहले आज संसद परिसर में कांग्रेस सांसदों की बैठक चल रही है।

  • 11:01 AM, 26 Jul 2022

    आप सांसद राघव चड्ढा ने दिया नोटिस

    आप सांसद राघव चड्ढा ने देश में बढ़ती महंगाई पर चर्चा के लिए राज्यसभा में नियम 267 के तहत बिजनेस सस्पेंशन नोटिस दिया।

  • 10:47 AM, 26 Jul 2022

    शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने दिया नोटिस

    शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने नियम-267 के तहत राज्यसभा में निलंबन नोटिस दिया और राजनीतिक एजेंडा के लिए सीबीआई, ईडी, आईटी के दुरुपयोग पर चर्चा की मांग की।

  • 10:46 AM, 26 Jul 2022

    सुप्रीम कोर्ट ने याचिका को किया खारिज

    सुप्रीम कोर्ट ने विभिन्न निजी टूर ऑपरेटरों द्वारा सऊदी अरब की यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों को दी जाने वाली हज और उमराह सेवाओं के लिए जीएसटी छूट की मांग करने वाली याचिकाओं को खारिज कर दिया है।

  • 10:44 AM, 26 Jul 2022

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की शीर्ष मंत्रियों के साथ बैठक

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद में सरकार की रणनीति पर चर्चा करने के लिए शीर्ष मंत्रियों के साथ बैठक की। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी, केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और किरेन रिजिजू मौजूद रहे।

  • 10:41 AM, 26 Jul 2022

    पीएम मोदी ने की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कल पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।

  • 10:35 AM, 26 Jul 2022

    पीएम मोदी ने किया शहीदों को नमन

    पीएम मोदी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि कारगिल विजय दिवस मां भारती की आन-बान और शान का प्रतीक है। इस अवसर पर मातृभूमि की रक्षा में पराक्रम की पराकाष्ठा करने वाले देश के सभी साहसी सपूतों को मेरा शत-शत नमन। जय हिंद!

  • 10:30 AM, 26 Jul 2022

    सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि

    लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल शहीद स्मृति वाटिका में कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी।

  • 10:28 AM, 26 Jul 2022

    5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी ऑनलाइन शुरू

    5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी ऑनलाइन शुरू हो गई है। इनमें रिलायंस जियो, अदानी समूह, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया नीलामी में चार प्रमुख भागीदार हैं।

  • 10:17 AM, 26 Jul 2022

    भारी बारिश के कारण जोधपुर में स्कूलों की छुट्टी

    राजस्थान में शहर में भारी बारिश और जलजमाव के बीच जोधपुर जिला कलेक्टर ने स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है।

  • 10:16 AM, 26 Jul 2022

    प्रवर्तन निदेशालय ने पूछताछ के लिए भेजा नोटिस

    प्रवर्तन निदेशालय ने चर्च ऑफ साउथ इंडिया (सीएसआई) के मॉडरेटर और दक्षिण केरल के बिशप धर्मराज रसालम को कल पूछताछ के लिए पेश होने के लिए नोटिस जारी किया है। यह चर्च द्वारा संचालित काराकोणम मेडिकल कॉलेज के संबंध में कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले से संबंधित है।

  • 10:15 AM, 26 Jul 2022

    पंजाब के सीएम ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि

    पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

  • 09:51 AM, 26 Jul 2022

    ऑपरेशन विजय में भारतीय सेना दिया बहादुरी का परिचय- जनरल उपेंद्र द्विवेदी

    उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि ऑपरेशन विजय में भारतीय सेना ने अपने संकल्प और बहादुरी का परिचय दिया था। सीमा में प्रवेश कर चुके घुसपैठियों को निकालना हमारी प्राथमिकता थी। उस मुश्किल वक्त में हमारे जवानों ने देश सेवा के मार्ग पर चलते हुए दुश्मन को जवाब दिया। मैं देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि भारतीय सेना का हर जवान देश की सुरक्षा के लिए समर्पित है और किसी भी चुनौती का सामना करने और किसी भी बलिदान के लिए हमेशा तैयार है।

  • 09:41 AM, 26 Jul 2022

    गुजरात में जहरीली शराब का कहर

    Gujarat Poisonous Liquor: गुजरात में जहरीली शराब से मरने वालों का आंकड़ा 24 पहुंच गया है। बोटाद के बरवाला के अलावा मरने वालों में अहमदाबाद के 4 लोग भी शामिल हैं। रविवार रात को बोटाद में जहरीली शराब पीने के बाद करीब 4 दर्जन लोगों की तबीयत खराब हुई जिन्हें सोमवार सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया।

     

    09:36 AM, 26 Jul 2022

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची का बयान

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि हमने तथाकथित CPEC परियोजनाओं में तीसरे देशों की प्रस्तावित भागीदारी को प्रोत्साहित करने पर रिपोर्टे देखी हैं। किसी भी पार्टी द्वारा इस तरह की कोई भी कार्रवाई सीधे तौर पर भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करती है। भारत तथाकथित CPEC में परियोजनाओं का दृढ़ता से और लगातार विरोध करता है, जो भारतीय क्षेत्र में हैं जिसे पाकिस्तान द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया गया है। ऐसी गतिविधियां स्वाभाविक रूप से अवैध, नाजायज, अस्वीकार्य है।

  • 09:32 AM, 26 Jul 2022

    पिता के पास आया ‘सर तन से जुदा’… बेटे का मिला शव

    मध्य प्रदेश में भोपाल-नर्मदापुरम रेलखंड पर मिडघाट और बरखेड़ा के बीच पटरी पर रविवार रात करीब सात बजे ओरिएंटल कालेज के बीटेक के छात्र निशांक का शव मिला। सड़क किनारे से उसका स्कूटर और मोबाइल भी पुलिस ने बरामद किया है। शव मिलने से दो घंटे पहले छात्र के ही मोबाइल से उसके पिता को एक वाट्सएप संदेश भेजा गया था, जिसमें लिखा गया कि राठौर साहब, बहुत बहादुर था आपका बेटा, गुस्ताख ए…की एक सजा, सर तन से जुदा।

  • 09:23 AM, 26 Jul 2022

    कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने सीएम ममता बनर्जी को लिखा पत्र

    पश्चिम बंगाल एसएससी भर्ती घोटाला को लेकर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी को पत्र लिखकर पार्थ चटर्जी को तुरंत मंत्री पद से बर्खास्त करने की मांग की है।

  • 09:21 AM, 26 Jul 2022

    सीएम नीतीश कुमार की कोरोना रिपोर्ट आई पाजिटिव

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई है। वह पिछले चार दिनों से बीमार हैं।

  • 09:12 AM, 26 Jul 2022

    राजनाथ सिंह ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

  • 09:10 AM, 26 Jul 2022

    द्रास सेक्टर में शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

    देश आज कारगिल विजय दिवस मना रहा है। 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को द्रास में कारगिल युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि दी गई।

  • 09:04 AM, 26 Jul 2022

    देश में मिले COVID-19 के 14,830 नए केस

    भारत में पिछले 24 घंटों में COVID-19 के 14,830 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 18,159 लोग डिस्चार्ज हुए और कोरोना से 36 लोगों की मृत्यु हुई है।
    कुल मामले: 4,39,20,451
    सक्रिय मामले: 1,47,512
    कुल रिकवरी: 43,246,829
    कुल मृत्यु: 5,26,110
    कुल वैक्सीनेशन: 2,02,50,57,717

  • 08:55 AM, 26 Jul 2022

    तीनों सेना प्रमुखों ने दी कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि

    थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर दिल्ली के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

  • 08:46 AM, 26 Jul 2022

    विदेश मंत्री जयशंकर ने दी मालदीव के स्वतंत्रता दिवस पर बधाई

    विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद और मालदीव की सरकार और लोगों को उनके स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं दी।

  • 08:44 AM, 26 Jul 2022

    यस बैंक-डीएचएफएल घोटाले में बिल्डर भोसले के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल

    डीएचएफएल घोटाले में सीबीआइ ने पुणे के जाने-माने बिल्डर अविनाश भोसले और उनकी कंपनियों के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल किया है। मुंबई में विशेष सीबीआइ अदालत में दाखिल पूरक आरोप पत्र में सीबीआइ ने इस मामले में सत्यन गोपालदास टंडन, मेट्रोपोलिस होटल्स एलएलपी, एबीआइएल इंफ्राप्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, एबीआइएल हास्पिटालिटी प्राइवेट लिमिटेड, अरिंदम डेवलेपर्स, अविनाश भोसले ग्रुप और फ्लोरा डेवलेपमेंट लिमिटेड को भी नामित किया है

  • 08:41 AM, 26 Jul 2022

    संजय सिंह ने दिया नोटिस

    आप सांसद संजय सिंह ने हाल ही में जीएसटी दर वृद्धि पर चर्चा करने के लिए राज्यसभा में नियम 267 के तहत कार्य निलंबन नोटिस दिया है।

  • 08:34 AM, 26 Jul 2022

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शहीदों को श्रद्धांजलि

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कारगिल विजय दिवस पर 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।

  • 08:27 AM, 26 Jul 2022

    शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

    जम्मू-कश्मीर के जम्मू में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल युद्ध में अपनी जान गंवाने वाले सैनिकों को बलिदान स्तंभ पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

  • 08:26 AM, 26 Jul 2022

    हरिद्वार से लौट रहे श्रद्धालु

    दिल्ली में सावन की शिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालु हरिद्वार दर्शन करके लौट रहे हैं। तस्वीरें NH-24 से हैं।

  • 08:09 AM, 26 Jul 2022

    शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

    लद्दाख में कारगिल विजय दिवस पर 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को द्रास में कारगिल युद्ध स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई।

  • 08:06 AM, 26 Jul 2022

    अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात

    तमिलनाडु के तिरुवल्लुर में छात्रावास के अंदर मृत पाई गई कक्षा बारहवीं की छात्रा के शव की ऑटोप्सी की जा रही है। अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती है।

  • 07:57 AM, 26 Jul 2022

    सोनिया गांधी से आज हो सकती है पूछताछ

    कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से आज ईडी के अधिकारी दूसरे दौर की पूछताछ कर सकते हैं। पहले उन्हें 25 जुलाई को बुलाया गया था, लेकिन राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह के कारण इसे एक दिन के लिए टाल दिया गया है। सोनिया गांधी से नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ की जाएगी। राहुल गांधी से इसी मामले में पांच दिन तक पूछताछ की गई थी। आरोप है कि सोनिया और राहुल गांधी ने यंग इंडिया कंपनी बनाकर नेशनल हेराल्ड की सारी संपत्ति हथिया ली है।