Latest News नयी दिल्ली मध्य प्रदेश राष्ट्रीय

BSP ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के साथ किया गठबंधन


भोपाल। : इस साल के अंत में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए बहुजन समाज पार्टी (BSP) और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (GGP) ने गठबंधन कर लिया है। इसकी जानकारी शनिवार को पार्टियों के पदाधिकारियों ने दी है।

बसपा के राज्यसभा सदस्य रामजी गौतम और जीजीपी के राष्ट्रीय महासचिव बलबीर सिंह तोमर ने भोपाल में एक संवाददाता सम्मेलन किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि उनकी सीट-बंटवारे की व्यवस्था के अनुसार, बसपा 178 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि जीजीपी 52 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।

मध्य प्रदेश में गठबंधन की सरकार?

दोनों पार्टियों ने बाद में जारी एक प्रेस बयान में कहा, ‘दलितों, आदिवासियों और महिलाओं पर अत्याचार खत्म करने के लिए मध्य प्रदेश में इस गठबंधन की सरकार बनेगी। इससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस का तानाशाही और पूंजीवादी शासन भी खत्म हो जाएगा और गरीबों को न्याय मिलेगा।’

जानकारी के लिए बता दें कि 230 सदस्यीय मध्य प्रदेश विधानसभा के लिए इस साल नवंबर में चुनाव होने हैं। बता दें कि 2018 के विधानसभा चुनाव में बसपा ने दो सीटें जीती थी। हालांकि, बाद में उनका एक विधायक बीजेपी में शामिल हो गया था।