Latest News करियर राष्ट्रीय

CBSE 12th Result 2022: कक्षा 12 टर्म 1 मार्क्स से असंतुष्ट छात्र ऐसे करा सकते हैं आपत्ति दर्ज


नई दिल्ली, । CBSE 12th Term 1 Result 2022: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सीनियर सेकेंड्री कक्षाओं की सत्र 2021-22 के लिए दो चरणों में आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के पहले चरण यानि टर्म 1 परीक्षाओं के नतीजों की घोषणा कर दी है। सीबीएसई 12वीं टर्म 1 रिजल्ट 2022 के अंतर्गत बोर्ड द्वारा स्टूडेंट्स के सिर्फ विभिन्न विषयों के थ्योरी मार्क्स जारी किए गए हैं, जो कि सीधे किसी ऑनलाइन पोर्टल की बजाय स्कूलों के माध्यम से बताए गए है। स्कूलों द्वारा अपने-अपने स्टूडेंट्स को उनके प्रैक्टिकल मार्क्स के जोड़कर टर्म 1 के अंक आवंटित होने हैं। हालांकि, सीबीएसई ने ऐसे सभी छात्र-छात्राओं को आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया है, जो कि बोर्ड द्वारा जारी टर्म 1 के थ्योरी मार्क्स से असंतुष्ट हैं। छात्र ऑनलाइन मोड में अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।

CBSE 12th Term 1 Result 2022: ऐसे कराएं आपत्ति दर्ज

ऐसे में जिस किसी छात्र या छात्रा को अपने किसी विषय या सभी विषयों के थ्योरी मार्क्स को लेकर आपत्ति है तो वे, सीबीएसई बोर्ड के नोटिस के अनुसार, ‘ऑनलाइन डिस्प्यूट रिड्रेसल मेकेनिज्म’ के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए छात्रों को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट, cbse.gov.in पर विजिट करना होगा और लेटेस्ट अपडेट सेक्शन में दिए गए सम्बन्धित लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद सम्बन्धित विवरण दर्ज करके आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। हालांकि, स्टूडेंट्स को आपत्ति दर्ज कराने के लिए अपने सम्बन्धित स्कूल में संपर्क करना चाहिए क्योंकि आपत्ति दर्ज कराने के पेज पर स्कूल के विवरणों से लॉग-इन किया जा सकेगा।