Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

‘CM के लिए 3 नाम, पर दिल्‍ली से होगा चयन’, कर्नाटक में नेतृत्‍व परिवर्तन


  • बेंगलुरु : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष नलिन कुमार कतील ने उस ऑडियो क्लिप को फर्जी बताया है, जिसमें राज्य में नेतृत्व में संभावित बदलाव की बात की गई है। यह ऑडियो क्लिप वायरल हो जाने से कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा (78) को बदले जाने की अटकलें फिर से लगने लगी हैं। येदियुरप्पा के कार्यकाल के 26 जुलाई को दो साल पूरे हो जाएंगे।

येदियुरप्पा पिछले सप्ताह दिल्ली गए थे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की थी। येदियुरप्पा के दिल्ली जाने के कारण अटकलें लगने लगी थीं कि नेतृत्व में परिवर्तन किया जा सकता है। येदियुरप्पा ने दिल्ली से लौटने के बाद उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने की अटकलों को बेबुनियाद बताया था।

ऑडियो क्लिप में क्‍या है?

हालांकि रविवार को ऑडियो क्लिप के सामने आने के बाद फिर से इन अटकलों को बल मिला है। कतील ने इस क्लिप को फर्जी बताते हुए उसमें उनकी आवाज नहीं होने बात कही थी। कतील ने ऑडियो क्लिप की जांच की मांग की है। ऑडियो क्लिप में येदियुरप्पा के नाम के उल्लेख के बगैर सुनाई दे रहा है, ‘किसी को बताना मत… मंत्रियों ईश्वरप्पा, जगदीश शेट्टार की पूरी टीम हटाई जाएगी। हम नई टीम बना रहे हैं…।’

क्लिप में सुनाई दे रहा है, ‘(मुख्यमंत्री पद के लिए) तीन नाम हैं, लेकिन उन पर विचार नहीं किया जाएगा। उनका चयन दिल्ली से किया जाएगा।’ भाजपा की राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष ईश्वरप्पा वर्तमान में ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री शेट्टार येदियुरप्पा कैबिनेट में उद्योग मंत्री हैं।

बीजेपी प्रदेश अध्‍यक्ष की सफाई

कतील ने मंगलुरु में कहा, ‘मैं मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उनसे पूरी जांच कराने की अपील करूंगा। जांच के जरिए सच सामने आने दीजिए। राजनीति में पहले भी इस प्रकार की कई घटनाएं हुई हैं। यह सही नहीं है। जांच होने दीजिए।’ उन्होंने दोहराया कि नेतृत्व में या पार्टी में किसी अन्य बदलाव को लेकर कोई बात नहीं हुई और इस प्रकार की चर्चा करना ‘अप्रासंगिक’ है।