News TOP STORIES नयी दिल्ली मध्य प्रदेश राष्ट्रीय

Congress: दिग्विजय सिंह बोले- भारत जोड़ो यात्रा के बाद नए अवतार में नजर आएंगे राहुल गांधी


तुरुवुकेरे (कर्नाटक), । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा का सिंबल बताया है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के प्रतीक बन गए हैं और वे इस यात्रा के बाद एक नए अवतार में नजर आएंगे। उन्होंने न्यूज एजेंसी PTI को एक साक्षात्कार में बताया कि भारत जोड़ो यात्रा ने निश्चित रूप से कांग्रेस को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि कई वर्षों के बाद पहली बार पुरानी पार्टी की चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के इलाकों के लोग इस बात से बहुत प्रभावित हैं कि राहुल गांधी पूरे रास्ते चल रहे हैं।

 

भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस होगी मजबूत

दिग्विजय सिंह ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कांग्रेस में विचारधारा और नेतृत्व के प्रति प्रतिबद्धता गायब है। मालूम हो कि कन्याकुमारी से शुरू हुई और जम्मू-कश्मीर में खत्म होने वाली कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व राहुल गांधी कर रहे हैं। मार्च के दौरान कांग्रेस के कई नेता 3,500 किलोमीटर पैदल चलेंगे।

 

भारत जोड़ो यात्रा के प्रतीक बने राहुल गांधी

दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘इस देश में अगर कोई त्याग करता है, तो वह हमेशा पूजनीय होता है। सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद का त्याग किया। और यहां राहुल गांधी चल रहे हैं, गर्मी में पसीना बहा रहे हैं, बारिश में खड़े हैं, हर तरह की फेक न्यूज और मानहानि के खिलाफ लड़ रहे हैं। वह भारत जोड़ो यात्रा के प्रतीक बन गए हैं।’ उन्होंने कहा, ‘अब आप उन्हें उनके नए अवतार में देखेंगे।’ उन्होंने कहा कि वह राहुल को लंबे समय से जानते हैं और एक बार जब वह कुछ करने का फैसला कर लेते हैं, तो उसे हासिल करने से कोई नहीं रोक सकता है।

नए अवतार में दिखेंगे राहुल गांधी

राहुल गांधी के आगे के राजनीतिक सफर पर उन्होंने कहा, ‘जिस दिन वह फैसला कर लेंगे, उन्हें कोई नहीं रोक पाएगा।’ उन्होंने कहा, ‘सच कहूं तो, मैंने उन्हें हमेशा एक अत्याधिक जिज्ञासु के रूप में देखा है। वह आपको तब तक जाने नहीं देंगे, जब तक कि उनके पास सवाल के उत्तर न हों।’ बता दें कि दिग्विजय सिंह कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ से बाहर हो चुके हैं और पार्टी के दिग्गज नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रस्तावक बने हैं।