News TOP STORIES नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

लालू के भ्रष्टाचार पर नीतीश कुमार ने मूंद ली हैं आंखें, 2017 वाला वाकया भूल गए क्याः रविशंकर प्रसाद


 पटना। पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने रविवार को बिहार सीएम नीतीश कुमार पर लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के सदस्यों का बचाव करने को लेकर हमला किया। दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने लालू के भ्रष्टाचार के मुद्दे पर आंखें मूंद ली हैं। नीतीश बोलते हैं कि वो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से बाहर हो गए इस लिए यह सब किया जा रहा, रविशंकर ने पूछा कि क्या यह सही है? भाजपा सांसद ने याद दिलाया कि साल 2017 नीतीश ने लालू का साथ केवल भ्रष्टाचार के मुद्दे पर छोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को कानून को अपना काम करने देना चाहिए और इसमें दखल नहीं देना चाहिए। 

आखिर 2017 में जदयू ने आरजेडी को क्यों छोड़ा था?

रविशंकर ने कहा कि लालू और उनके परिवार पर नौकरी के बदले जमीन लेने का आरोप है। इसकी जांच अभी सीबीआइ कर रही है। बावजूद इसके नीतीश कह रहे हैं कि इसमें कुछ भी नहीं है? भाजपा का साथ छोड़ने पर यह सब किया जा रहा है। रविशंकर ने कहा कि आखिर 2017 में जदयू ने आरजेडी को क्यों छोड़ा था? तब तो भ्रष्टाचार से त्रस्त होकर आरजेडी से अलग हो गए थे। रविशंकर ने कहा कि राजद-जदयू के साथ होने पर सब  ठीक हो गया और भाजपा दोषी हो गई।

सीबीआइ ने दाखिल की थी चार्जशीट

बता दे कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, राज्यसभा सदस्य बेटी मीसा भारती सहित 14 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया था। शनिवार को बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के निजी सचिव संजय यादव से भी रेलवे में भूमि के बदले नौकरी देने के संबंध में पूछताछ की गई थी। इसी मुद्दे पर मीडिया से बात करते हुए नीतीश ने कहा था कि राजद-जदयू साथ आए तो यह सब किया जा रहा है।