News TOP STORIES उत्तर प्रदेश उत्तराखण्ड नयी दिल्ली पंजाब मध्य प्रदेश महाराष्ट्र राजस्थान राष्ट्रीय लखनऊ

Covid : पीएम मोदी की उच्चस्तरीय बैठक शुरू, कोरोना की स्थिति पर होगी समीक्षा


  1. चीन में कोरोना वायरस के कोहराम के बाद भारत में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना की स्थिति को लेकर बुधवार को उच्च स्तरीय बैठक की। सरकार की ओर से लोगों को भीड़ में मास्क पहनने और एहतियाती खुराक लेने की सलाह दी गई है। वहीं, राज्य सरकारें भी इसको लेकर अपनी-अपनी तैयारी कर रही हैं। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल आज कोरोना को लेकर आपात बैठक करेंगे। महाराष्ट्र सरकार ने कोविड टेस्ट की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया है। वहीं, केरल सरकार ने वायरस के संभावित प्रसार को लेकर चेतावनी दी है।
  • 04:12 PM, 22 Dec 2022

    Covid-19 पर बैठक शुरू

    पीएम मोदी कोरोना की स्थिति पर उच्चस्तरीय बैठक कर रहे हैं।

  • 03:47 PM, 22 Dec 2022

    Covid-19 की स्थिति पर हमारी नजर

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि हम चीन में कोविड की स्थिति पर नजर रख रहे हैं। हम दुनिया की फार्मेसी हैं और उस रूप में हमेशा दूसरे देशों की मदद की है। हमें अभी ट्रैवल एडवाइजरी जारी करना है, लेकिन लोगों को उस देश में स्थानीय दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए जहां वे रह रहे हैं।

  • 03:28 PM, 22 Dec 2022

    दिल्ली में बीएफ7 का एक भी मामला नहीं

    एलएनजेपी अस्पताल के एमडी डॉ. सुरेश ने कहा कि यहां ओमिक्रोन के वेरिएंट बीएफ7 का एक भी मामला सामने नहीं आया है। हम तैयार और सतर्क हैं। हमारे पास कोविड के 450 बेड, 50 आईसीयू बेड और अन्य सुविधाएं हैं।

  • 02:51 PM, 22 Dec 2022

    Covid-19 पर राजनीति नहीं की: Mansukh Mandaviya

    स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने राज्यसभा में भी कोरोना की स्थिति पर बयान दिया। मांडविया ने कहा कि हमने कोविड पर कोई राजनीति नहीं की है। देशभर के बड़े अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए हैं और चलाए जा रहे हैं। हमने देश में पर्याप्त मात्रा में दवाओं की समीक्षा की है।

  • 02:35 PM, 22 Dec 2022

    राजस्थान में काबू में हालात- Parsadi Lal Meena

    राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री प्रसादी लाल मीणा ने कहा कि हम सब तैयार हैं। हमने एहतियाती खुराक दी हैं। मॉनिटरिंग और टेस्ट किए जा रहे हैं। हमारे पास टेस्टिंग के लिए संसाधन हैं। अभी तक इक्का-दुक्का मामले ही सामने आ रहे हैं, लेकिन ऐसा कोई मामला नहीं है जिससे स्थिति और बिगड़े।

  • 02:17 PM, 22 Dec 2022

    उचित कदम उठा रहे हैं: मनसुख मांडविया

    मनसुख मांडविया ने आगे बताया कि हमने अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विदेश से भारत आने वाले लोगों की रैंडम आरटीपीसीआर जांच करना शुरू कर दिया है। हम महामारी से निपटने के लिए प्रतिबद्ध हैं और उचित कदम उठा रहे हैं।

  • 02:15 PM, 22 Dec 2022

    केंद्र सरकार की सलाह

    त्योहारी और नए साल के मौसम के मद्देनजर राज्यों को सलाह दी जाती है कि वे एहतियाती खुराक के लिए जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को मास्क पहनना, सेनिटाइजर का इस्तेमाल करना और सामाजिक दूरी बनाए रखना सुनिश्चित करें।

  • 02:13 PM, 22 Dec 2022

    राज्यों को जीनोम सीक्वेंसिंग बढ़ाने की सलाह

    स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ये भी कहा कि कोरोना की वैश्विक स्थिति पर हम नजर बनाए हुए हैं और उसी के हिसाब से कदम उठा रहे हैं। राज्यों को सलाह दी जाती है कि वे कोविड-19 के नए वेरिएंट की समय पर पहचान करने के लिए जीनोम-सीक्वेंसिंग बढ़ाएं।

  • 02:11 PM, 22 Dec 2022

    Mansukh Mandaviya का बयान

    स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी के प्रबंधन में स्वास्थ्य विभाग काफी सक्रिय रहा है। केंद्र सरकार ने महामारी के खिलाफ लड़ाई में राज्यों को वित्तीय सहायता प्रदान की है। अब तक 220 करोड़ कोविड वैक्सीन की डोज दी जा चुकी हैं।

  • 02:09 PM, 22 Dec 2022

    भारत में कम हो रहे Coronavirus के केस

    स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने लोकसभा में कहा कि पिछले कुछ दिनों से दुनिया में कोविड के मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन भारत में मामले कम हो रहे हैं। हम चीन में बढ़ते कोविड मामलों और इससे होने वाली मौतों को देख रहे हैं।

  • 02:07 PM, 22 Dec 2022

    Covid-19 पर स्वास्थ्य मंत्री का लोकसभा में बयान

    स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने लोकभा में कोरोना को लेकर बयान दिया है। मांडविया ने कहा कि कोरोना से कई देशों पर असर पड़ा है। चीन, जापान में कोरोना से मौतें बढ़ी हैं। केंद्र और राज्य सरकार ने साथ मिलकर 220 करोड़ वैक्सीन लगाकर कीर्तिमान हासिल किया है।

  • 01:55 PM, 22 Dec 2022

    बूस्टर डोज लगवाएं: Pushkar Singh Dhami

    उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा, हमारा पूरा फोकस है कि सावधानी बरती जाएगी और जागरूकता बढ़ाई जाएगी। सभी से हमारा अनुरोध है कि बूस्टर डोज लगवाएं। भारत सरकार के जो भी दिशा निर्देश हैं उसके आदेशों के क्रम में हम यहां पर भी कार्रवाई करेंगे।

  • 01:37 PM, 22 Dec 2022

    सीएम योगी ने अधिकारियों को कोरोना परीक्षण बढ़ाने को कहा

    यूपी के सीएम योगी आदित्यानाथ ने अधिकारियों को कोरोना परीक्षण बढ़ाने और भीड़ और सार्वजनिक स्थानों पर मास्क के उपयोग के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए कहा है। उन्होंने हर कोरोना पोजिटिव मरीज का जीनोम परीक्षण करने का निर्देश दिया।

  • 01:16 PM, 22 Dec 2022

    स्वास्थ्य मंत्री संसद में देंगे बयान

    कोरोना की स्थिति पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया संसद के दोनों सदनों में बयान देंगे।

  • 01:09 PM, 22 Dec 2022

    Harshvardhan बोले- मास्क काफी प्रभावी

    पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, कोरोना के मामलों में मास्क काफी प्रभावी है। हमें सभी समय पर सावधानी बरतनी चाहिए। मास्क पहनने में कोई बुराई नहीं है क्योंकि ये हमें हवा में मौजूद प्रदूषकों से भी बचाते हैं।

  • 01:03 PM, 22 Dec 2022

    Pushkar Singh Dhami ने की उच्च स्तरीय बैठक

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कोविड-19 की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ देहरादून में उच्च स्तरीय बैठक की।

  • 12:55 PM, 22 Dec 2022

    Coronavirus in India: कई सांसद मास्क पहने नजर आए

    राज्यसभा में शीतकालीन सत्र की कार्यवाही के दौरान पीएम मोदी मास्क में नजर आए। कई सांसदों ने भी मास्क पहना हुआ था।

  • 12:55 PM, 22 Dec 2022

    दिशा-निर्देशों का पालन करें लोग- अनिल विज

    हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि कोविड की पिछली लहरों में हमने बेहतर तरीके से संभाला है। हमारे पास सभी जिलों में आरटी-पीसीआर जांच की सुविधा है और साथ ही संयंत्रों में ऑक्सीजन की पर्याप्त आपूर्ति है। लोगों को घबराना नहीं चाहिए और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए।

  • 12:48 PM, 22 Dec 2022

    Covid-19 पर तमिलनाडु में बैठक जारी

    कोरोना के हालात पर तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन राज्य के स्वास्थ्य मंत्री एम सुब्रमण्यम, स्वास्थ्य सचिव और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं।

  • 12:45 PM, 22 Dec 2022

    Punjab के सीएम करेंगे बैठक

    पंजाब में कोरोना की स्थिति पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों के बैठक बुलाई है। ये बैठक चंडीगढ़ स्थित सचिवालय में कुछ देर में होगी।

  • 12:39 PM, 22 Dec 2022

    स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय अस्पतालों की समीक्षा करेगा

    सूत्रों ने बताया कि डीजीएचएस (स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय) कोरोना की तैयारियों पर दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के सभी अस्पतालों की समीक्षा करेगा।

  • 12:37 PM, 22 Dec 2022

    कोविड गाइडलाइंस का पालन करें- योगी आदित्यनाथ

    सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विभिन्न देशों में कोरोना संक्रमण फिर से बढ़ने का समाचार प्राप्त हो रहा है। केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा इस संबंध में समय-समय पर निर्गत गाइडलाइंस का पालन अवश्य करें।

  • 12:28 PM, 22 Dec 2022

    राज्यसभा में मास्क लगाकर पहुंचे पीएम मोदी

    कोरोना का असर संसद में भी देखने को मिल रहा है। पीएम मोदी गुरुवार को मास्क लगाकर राज्यसभा पहुंचे। संसद के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही जारी है।