News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Delhi : केजरीवाल के खिलाफ सड़क पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता, HC के फैसले के बाद इस्तीफे की कर रहे मांग


नई दिल्ली। हाई कोर्ट द्वारा अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को वैध ठहराने के बाद भाजपा उनके इस्तीफे की मांग कर रही है। दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने पुलिस ने पानी की बौछार का प्रयोग किया।

 

बैरिकेड से नीचे गिरे सचदेवा

पानी की बौछार से बैरिकेड पर चढ़े सचदेवा नीचे गिर गए, उन्हें आरएमएल अस्पताल ले जाया गया। इससे पहले उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के आंदोलन के कारण आबकारी नीति घोटाला में केजरीवाल को जेल जाना पड़ा है और इस्तीफा भी देना पड़ेगा। मनीष सिसोदिया व सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद उनसे इस्तीफा लेने वाले केजरीवाल अब स्वयं कुर्सी नहीं छोड़ रहे हैं।

हर्षवर्धन ने सीएम पर बोला हमला

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी आबकारी घोटाले के विरोध में विधानसभा के अंदर भाजपा विधायकों ने और सड़क पर सभी कार्यकर्ताओं ने आंदोलन किया। सांसद डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि ईडी के पास मुख्यमंत्री के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य दिए हैं। इसके बाद भी वह इस्तीफा नहीं दे रहे हैं। यह आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री के लिए शर्म की बात है।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व विधायक विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि हाई कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि आबकारी घोटाले में अरविंद केजरीवाल आरोपित हैं। यह झाड़ू से जेल तक की कहानी है जिसे कार्यकर्ताओं को जनता तक पहुंचाना है। प्रदर्शन में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश सिंह, कपिल मिश्रा, विधायक अनिल वाजपेई सहित अन्य नेता उपस्थित थे।