Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय स्वास्थ्य

Delhi : जानें दिल्ली में कितनी हुई मंकीपाक्स मरीजों की संख्या, वेटर का काम करता था एक मरीज


नई दिल्ली । दिल्ली में मंकीपाक्स का एक और मरीज मिला है। लोकनायक अस्पताल (Loknayak Hospital) में भर्ती मरीज की जांच रिपोर्ट सोमवार को पाजिटिव आई। इससे मरीज में मंकीपाक्स की पुष्टि हुई है। इसके अलावा मंकीपाक्स के तीन अन्य संदिग्ध मरीजों को भी लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये चारों मरीज अफ्रीका के नागरिक हैं। इनकी उम्र 30 से 32 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

रेस्टोरेंट का है वेटर

इनमें से एक मरीज एक साल से दिल्ली के एक रेस्टोरेंट में वेटर का काम करता है। इनके संपर्क में आए लोगों को भी घरों में आइसोलेट किया गया है। लोकनायक अस्पताल सूत्रों के अनुसार इनमें से एक संदिग्ध को शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसकी रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसके अलावा एक संदिग्ध मरीज रविवार को और दो सोमवार को अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। इनमें से एक सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया है, जबकि दो का सैंपल मंगलवार को भेजा जाएगा।

चारों को पांच दिनों से था बुखार

चारों संदिग्धों को करीब पांच दिन से बुखार था और शरीर पर लाल दाने थे। इन सभी को यहां मंकीपाक्स के संदिग्ध मरीजों के लिए आरक्षित वार्ड में भर्ती किया गया है। डाक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियोें एक 20 सदस्यीय टीम मरीजों की निगरानी कर रही है। जिस मरीज में मंकीपाक्स की पुष्टि हुई है उसे संदिग्ध मरीजों से अलग कमरे में रखा गया है। बाकी संदिग्धों में से एक की रिपोर्ट मंगलवार को आने की संभावना है।

दिल्ली में दो हुए कुल मामले

उल्लेखनीय है कि इससे दिल्ली में 17 जुलाई को पश्चिमी दिल्ली इलाके के एक युवक में मंकीपाक्स की पुष्टि हुई थी। इस तरह अब दिल्ली में मिले मंकीपाक्स के मामलों की संख्या दो हो गई है। अन्य संदिग्धों की रिपोर्ट आने के बाद इनकी संख्या बढ़ सकती है। इससे लोकनायक अस्पताल में मंकीपाक्स के मरीजों के लिए बनाए गए छह बेड के वार्ड में और भी बेड बढ़ाए जाएंगे।

मंकीपाक्स के मरीज को आज मिलेगी छुट्टी

लोकनायक अस्पताल में भर्ती दिल्ली के पहले मंकीपाक्स संक्रमित मरीज को मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मरीज की हालत ठीक है और अब उके शरीर के लाल दाने भी ठीक हो चुके हैं। मरीज को भर्ती हुए पूरे दो सप्ताह हो चुके हैं। इस बीच उसे एक भी दिन बुखार भी नहीं आया है।