News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Delhi :दिल्ली को आज भी नहीं मिलेगा नया मेयर, सदन की तीसरी बैठक भी हंगामे के बाद स्थगित


  1. नई दिल्ली, : दिल्ली के मेयर और स्थायी समिति के छह सदस्यों का चुनाव कराने को लेकर आज सोमवार को हुई सदन की तीसरी बैठक भी बेनतीजा रही। एक बार फिर मनोनीत सदस्यों के मसले पर भाजपा और आम आदमी पार्टी के पार्षदों के हंगामे के चलते सदन की बैठक अगली तारीख के लिए स्थगित कर दी गई। 

चौथे तल पर रखी गई थी सदन की बैठक

सदन की तीसरी बैठक आज चौथे तल पर रखी गई थी। हंगामे और किसी भी तरह की स्थिति पर नियंत्रण के लिए दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बल भी तैनात किए गए थे। वहीं, सदन के भीतर भी पर्याप्त संख्या में सिविल डिफेंस वालंटियर्स और कमांडो तैनात थे।

  • 11:45 AM, 06 Feb 2023

    आज चुनाव होकर रहेगा – भाजपा

    सदन में मेयर चुनाव के लिए आयोजित तीसरी बैठक के दौरान भाजपा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने हमारे पार्षदों को खरीदने की कोशिश की है। भाजपा पार्षदों ने कहा कि आज चुनाव होकर रहेगा। दिल्ली की जनता को मेयर चाहिए।

  • 11:06 AM, 06 Feb 2023

    हमारे पार्षदों को दिया जा रहा प्रलोभन- भाजपा

    मेयर चुनाव से पहले दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आम आमदी पार्टी की ओर से हमारे पार्षदों को प्रलोभन दिया जा रहा है। असलियत यह है कि आम आदमी पार्टी को नगर निगम में अपने नेताओं पर भरोसा नहीं है, उनको अपने नेतृत्व पर भरोसा नहीं है और वह छटपटाहट साफ दिखाई दे रही है।

    सचदेवा ने कहा, “मनीष सिसोदिया, आपकी कहानी साफ है। दिल्ली वाले आपकी बेचैनी समझ रहे हैं। आम आदमी पार्टी को अपने बहुमत पर विश्वास नहीं है। आप ने अपने पार्षदों को निर्देश दिया है कि किसी छोटी बात पर हंगामा कर सदन स्थगित करवाना है। अगर आज सदन स्थगित हुआ तो उसके लिए अरविंद केजरीवाल जिम्मेदार होंगे।

  • 11:00 AM, 06 Feb 2023

    हास्यास्पद बयान दे रही भाजपा- AAP

    आम आदमी पार्टी (आप) नेता आतिशी और दुर्गेश पाठक ने प्रेस वार्ता कर कहा कि महापौर चुनाव को लेकर भाजपा हास्यास्पद बयान दे रही है। आतिशी ने कहा कि भाजपा का यह कहना कि आम आदमी पार्टी भाजपा के विधायक खरीदने की कोशिश कर रही है, यह सुनकर हंसी आ रही है, उन्होंने कहा कि यह काम वे लोग करते हैं, हम लोग नहीं करते। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उनके पार्षद आज भी निगम सदन में शांति से बैठेंगे।

  • 10:22 AM, 06 Feb 2023

    सदन में पहुंचने लगे AAP के पार्षद

    सदन में पहुंचने लगे AAP के पार्षद

    निगम सदन में मेयर चुनाव को लेकर होने वाली बैठक के लिए आम आदमी पार्टी के पार्षद पहुंच रहे हैं। वहीं, सुरक्षा को लेकर मौके पर मौजूद सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स ने पीठासीन अधिकारी के आसन पर घेरा बना लिया है।

  • 09:50 AM, 06 Feb 2023

    अब तक निगम में क्या क्या हुआ

    • 4 दिसंबर, 2022 दिल्ली नगर निगम की 250 सीटों पर आम चुनाव हुआ
    • 7 दिसंबर को परिणाम में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिला।
    • आम आदमी पार्टी को 134, भाजपा को 104 और तीन निर्दलीयों के साथ कांग्रेस को नौ सीटें मिली।
    • छह जनवरी 2023 को दिल्ली नगर निगम की सदन की बैठक हुई जो कि पीठासीन अधिकारी की शपथ के बाद आप-भाजपा पार्षदों के हंगामे के चलते स्थगित हो गई।
    • 24 जनवरी को फिर से बैठक हुई। इसमें पार्षदों का शपथग्रहण हुआ, लेकिन फिर हंगामे के चलते बैठक स्थगित हो गई।
    • 26 जनवरी को आप ने महापौर चुनाव कराने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की।
    • 30 जनवरी को दिल्ली नगर निगम महापौर चुनाव के लिए निगम ने 10 फरवरी का प्रस्ताव दिल्ली सरकार को भेजा। दिल्ली सरकार की ओर से 3, 4 और छह फरवरी का प्रस्ताव उपराज्यपाल को भेजा गया।
    • एक फरवरी को उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने महापौर चुनाव के लिए छह फरवरी की तारीख निर्धारित की-तीन फरवरी सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका को आम आदमी पार्टी ने वापस लिया।
  • 09:05 AM, 06 Feb 2023

    BJP ने अपने पार्षदों को दिया हंगामा करने का निर्देश- सिसोदिया

    मेयर चुनाव से पहले दिल्ली उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बड़ा दावा करते हुए भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट कहा, “बीजेपी ने अपने पार्षदों को आज फिर एमसीडी बैठक में मेयर चुनाव न होने देने के निर्देश दिए हैं। बीजेपी पार्षदों को कहा गया है सदन शुरू होते ही किसी बहाने से हंगामा कर देना। पीठासीन अधिकारी पिछली बार की तरह फिर अनिश्चितकाल के लिए सदन स्थगित कर देंगी। उपराज्यपाल फिर से 20 दिन बाद की तारीख देंगे।”

  • 08:31 AM, 06 Feb 2023

    एल्डमैन डाल सकते हैं महापौर चुनाव में वोट

    आम आदमी पार्टी (आप) के 135 पार्षदों ने अपने हस्ताक्षर करके पीठासीन अधिकारी को पत्र लिखकर महापौर, उपमहापौर और स्थायी समिति के छह सदस्यों के चुनाव में मनोनीत सदस्यों (एल्डरमैन) के वोट करने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। आप पार्षदों ने अपने पत्र में कहा है कि एल्डरमैन संविधान और निगम कानून के तहत वोट नहीं कर सकते हैं। आप पार्षदों ने भाजपा की हरकतों के बारे में अपनी चिंताओं से अवगत कराया है।

  • 08:30 AM, 06 Feb 2023

    AAP की रणनीति शांति से चुनाव कराने की होगी

    आप की रणनीति फिलहाल शांतिपूर्ण तरीके से महापौर का चुनाव कराने की है। छह जनवरी को हुई बैठक में आप पार्षदों द्वारा की गई गलती के बाद से पार्टी अब पूरी तरह से महापौर का चुनाव कराने के पक्ष में है। 24 जनवरी की बैठक में भी आप के पार्षदों को इस तरह से बैठाया गया था कि वे हंगामा न कर पाएं। साथ ही हंगामे के लिए किसी तरह के उकसावे में न आ सकें।

    इसलिए आप पार्षदों के बैठने के स्थान पर पार्टी ने दोनों ओर वरिष्ठ पार्षदों को बैठाया था। फिर भी कुछ पार्षदों से भाजपा पार्षदों की झड़प हुई और बैठक स्थगित कर दी गई थी। आप ने इस बार भी शांति से महापौर चुनाव कराने की रणनीति बनाई है।

  • 08:30 AM, 06 Feb 2023

    सांसद और विधायकों को नहीं होती वोटिंग की अनुमति

    पूर्व में महापौर चुनाव में मनोनीत सदस्यों ने वोटिंग में कभी हिस्सा नहीं लिया है। निगम के पूर्व मुख्य विधि अधिकारी अनिल कुमार गुप्ता भी मनोनीत सदस्यों को सदन में वोटिंग का अधिकार न होने की बात कहते रहे हैं। वैसे, महापौर चुनाव संपन्न होने और नतीजे घोषित होने के बाद पीठासीन अधिकारी के स्थान पर महापौर ही बैठक की अध्यक्षता करेंगी। इसके बाद उपमहापौर का चुनाव कराया जाएगा। स्थायी समिति के छह सदस्यों के चुनाव में केवल निर्वाचित पार्षद ही वोट डालते हैं। उसमें सांसद और विधायकों को वोटिंग की अनुमति नहीं होती है।

  • 08:29 AM, 06 Feb 2023

    मनोनीत सदस्यों से कराई जा सकती है वोटिंग

    आप को आशंका है कि महापौर और उपमहापौर के चुनाव में मनोनीत सदस्यों से वोटिंग कराई जा सकती है। दिल्ली नगर निगम की सदन की बैठक के लिए जारी कार्यसूची के अनुसार सबसे पहले पीठासीन अधिकारी महापौर का चुनाव कराएंगी, जिसमें पार्षदों से लेकर, राज्यसभा और लोकसभा के सांसद के साथ 14 मनोनीत विधायक वोट डालेंगे।

  • 08:28 AM, 06 Feb 2023

    दो कोशिशें हो चुकी हैं बेकार

    सबसे पहले छह जनवरी को हुई बैठक में भी आम आदमी पार्टी (आप) ने मनोनीत सदस्यों को सबसे पहले शपथ दिलाने पर विरोध जताया था। हंगामा इस कदर बढ़ गया था कि बैठक स्थगित हो गई थी। इसके बाद 24 जनवरी को हुई बैठक में भाजपा और आप पार्षदों में नोक-झोंक के कारण बैठक स्थगित हो गई थी।

  • 08:28 AM, 06 Feb 2023

    अलग-अलग बूथों में होगा चुनाव

    निगम ने मतदान के लिए दो मतदान बूथों का निर्माण किया है। महापौर के चुनाव के लिए सफेद रंग की मत पेटी, उपमहापौर के चुनाव के लिए हरे रंग की मत पेटी एवं स्थायी समिति सदस्यों के चुनाव के लिए गुलाबी रंग की मत पेटी निर्धारित की गई हैं।