Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Delhi: नक्सलियों का साथ और जेल की हवा ने दी सीख, घर में ही छापने लगा नकली नोट


पूर्वी दिल्ली। पूर्वी जिला पुलिस की टीम ने करोड़ों के नकली भारतीय और नेपाली नोट बरामद किए हैं। पुलिस ने 46 लाख 60 हजार के नेपाली और 18 लाख 45 हजार के भारतीय नोट बरामद किए हैं।

जिला पुलिस उपायुक्त अमृता गुगुलोथ ने बताया कि पटपड़गंज इंडस्ट्रियल इलाके की थाना पुलिस ने 28 सितंबर को आईएसबीटी से नकली भारतीय और नेपाली नोट बरामद किए। इसमें बंदायू के रहने वाले छवि राम को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

बदायूं से लाया था नकली नोट

छवि राम ने बताया वह ये नकली नोट बदायूं से लाया था। पुलिस उसके बताए पते पर बदायूं गई और वहां जाकर नकली नोट बनाने वाली इस गैंग के अन्य आरोपित आसिफ और इमरान को पकड़ा। जिनके पास 87 हजार रुपये के नकली भारतीय नोट बरामद हुए।

पुलिस ने आगे जांच शुरू की तो पता चला इस गैंग का मास्टरमाइंड दिनेश नाम का व्यक्ति है, जो मुजफ्फरपुर बिहार का रहने वाला है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की मदद से दिनेश को मुजफ्फरपुर से उसके घर से गिरफ्तार किया है।

दिनेश ने जेल जाने के बाद से शुरू की नकली नोटों की छपाई

दिनेश अपने घर में नकली नोट बनाने का काम करता है। उसके घर से नकली नोट के साथ प्रिंटर और स्कैनर भी मिले हैं। दिनेश 2016 में नक्सलियों के संपर्क में था और दो महीने के लिए जेल भी गया। जेल से आने के बाद 2021 से वह अपने घर पर नकली नोट बना रहा है।