Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Delhi : लगातार गिर रहा है यमुना का जलस्तर पर अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है कालिंदी


नई दिल्ली, दिल्ली में यमुना के उफान में कमी आने लगी है। रविवार को पुराना लोहा पुल के पास नदी का जलस्तर 206 मीटर से ऊपर चला गया था, लेकिन सोमवार से जलस्तर में लगातार गिरवाट हो रही है।

सोमवार रात 10 बजे के बाद यमुना का जलस्तर 206 मीटर से नीचे आ गया, जबकि मंगलवार सुबह भी इसमें कमी आ रही है। यही स्थिति रही तो शाम तक जलस्तर के खतरे के निशान 205.33 मीटर से नीचे आने की संभावना है।

शनिवार को हथिनीकुंड से ज्यादा पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से लगभग डेढ़ मीटर ऊपर तक बहने लगी थी। रविवार रात को लोहा पुल से ट्रेनों की आवाजाही बंद करनी पड़ी थी। अब हथिनीकुंड से कम पानी छोड़ा जा रहा है। इसका असर दिल्ली में दिखने लगा है। आहिस्ता-आहिस्ता यमुना के जलस्तर में कमी हो रही है, जिससे दिल्ली के लोगों को राहत मिली है।

बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हथिनीकुंड से अब प्रति घंटे लगभग 30 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जलस्तर कम होने के बावजूद स्थिति पर नजर रखी जा रही है। लोगों को यमुना खादर क्षेत्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग अगले तीन दिनों तक दिल्ली में अच्छी वर्षा का पूर्वानुमान लगाया है। अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली में वर्षा होने पर यमुना के जलस्तर में ज्यादा वृद्धि होने की संभावना नहीं है। यदि हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में ज्यादा वर्षा होती है तो कुछ असर जरूर पड़ेगा।

समय हथनी कुंड से छोड़ा गया पानी (क्यूसेक)
रात एक बजे 29018
रात दो बजे 33864
रात तीन बजे 28728
सुबह चार बजे 33842
सुबह पांच बजे 33150
सुबह छह बजे 27497
सुबह सात बजे 34449

लगातार गिर रहा है यमुना का जलस्तर

समय यमुना का जलस्तर (मीटर)
रात एक बजे 205.65
रात दो बजे 205.61
तड़के तीन बजे 205.55
तड़के चार बजे 205.48
सुबह पांच बजे 205.45
सुबह छह बजे 205.45
सुबह सात बजे 205.45