News TOP STORIES

Delhi Mayor Election: AAP की शैली ओबेरॉय फिर बनीं दिल्ली की मेयर, भाजपा ने वापस लिया नाम


  1. नई दिल्ली, । दिल्ली नगर निगम के मेयर और उपमेयर के लिए आज बुधवार को हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी को एक बार फिर सफलता मिली है। 

मेयर चुनाव में भाजपा प्रत्याशी शिखा राय के नाम वापस लेने के बाद आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार शैली ओबेरॉय फिर दिल्ली नगर निगम की मेयर निर्वाचित हुई हैं। वहीं, उपमेयर पद के लिए भाजपा प्रत्याशी सोनी पांडेय के नामांकन वापस लेने के बाद आम आदमी पार्टी के आले मोहम्मद को निर्विरोध उपमेयर चुन लिया गया है।

इससे पहले माना जा रहा था कि सदन में चुनाव को लेकर आप और भाजपा के बीच पिछली बार की तरह इस बार फिर हंगामा देखने को मिल सकता है।

  • 12:26 PM, 26 Apr 2023

    AAP के आले मोहम्मद किया सीएम का धन्यवाद

    उपमेयर निर्वाचित होने पर आम आदमी पार्टी के आले मोहम्मद ने सीएम केजरीवाल का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता को विश्वास दिलाते हैं कि केजरीवाल की दस गारंटी पूरा करेंगे और साथ ही स्कूल और अस्पताल को ठीक करेंगे।

  • 12:18 PM, 26 Apr 2023

    सदन में भाजपा ने किया सरेंडर- AAP

    आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि भाजपा ने 18 अप्रैल को नामांकन के समय कहा था कि भाजपा का मेयर बनेगा। हमारे पार्षदों को दस-दस करोड़ रुपये का आफर दिया। पहली बार हमारे पार्षदों को तोड़ने के लिए दिल्ली पुलिस का सहारा लिया। डीसीपी का सहारा लिया गया। दिल्ली पुलिस का सहारा लेकर हमारे पार्षदों को तोड़ने की कोशिश की। उन्हें अंदेशा था कि भाजपा के पार्षद भी आप के पक्ष में वोट डाल सकते थे। इसलिए भाजपा ने सरेंडर कर दिया।

  • 12:15 PM, 26 Apr 2023

    पिछले कई सप्ताह से चल रहा सरेंडर सप्ताह- AAP

    मेयर चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी ने प्रेस वार्ता कर भाजपा पर हमला बोला है। आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि आज पहली बार भाजपा ने आत्मसमर्पण कर दिया। पिछले कई सप्ताह से सरेंडर सप्ताह चल रहा है। दो माह पहले पीठासीन अधिकारी को लेकर गुंडागर्दी की। इस बार केजरीवाल ने जब मुकेश गोयल का नाम भेजा तो एलजी ने सरेंडर कर दिया।

  • 12:09 PM, 26 Apr 2023

    शैली ओबेराय ने किया केजरीवाल का धन्यवाद

    मेयर चुनाव में जीत के बाद आम आदमी पार्टी की शैली ओबेराय ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर राजनीति से ऊपर उठकर काम करना है। ताकि हम दिल्ली को एक नया रूप दे पाए। स्कूल पार्क हम मिलकर काम करेंगे।

  • 11:15 AM, 26 Apr 2023

    प्रस्तावों पर हो सकती है चर्चा

    नगर निगम की बैठक में महापौर और उप महापौर के चुनाव के बाद एजेंडे में लगे प्रस्तावों पर भी चर्चा हो सकती है। वैसे तो अभी तक परंपरा रही है कि महापौर और उप महापौर पद के चुनाव के बाद सदन की बैठक स्थगित कर दी जाती है और प्रस्ताव पर चर्चा नहीं होती है, लेकिन बुधवार को चर्चा होने की संभावना है, क्योंकि इसमें 13 प्रस्ताव लगे हुए हैं।

    इन प्रस्तावों में निगम स्कूल के बच्चों को स्टेशनरी उपलब्ध कराने के साथ ही पीडब्ल्यूडी को निगम की सड़कों को सफाई के लिए सौंपने जैसे प्रस्ताव शामिल हैं।

  • 11:00 AM, 26 Apr 2023

    सदन में पार्षदों का आना हुआ शुरू

    सदन में पार्षदों का आना हुआ शुरू

    सिविक सेंटर स्थित नगर निगम सदन में मेयर चुनाव तैयारी पूरी हो चुकी है। सदन में पार्षद पहुंचने लगे हैं।

  • 08:23 AM, 26 Apr 2023

    भाजपा ने पार्षदों को दी नसीहत

    सोमवार को भाजपा पार्षदों की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने नसीहत दी कि जिन्होंने पिछली बार गद्दारी की थी, उनकी जानकारी मिल गई है। सूत्रों ने बताया कि सचदेवा ने पार्षदों को इशारों में कहा है कि उनके पास (क्रास वोट करने वालों) अपनी भूल सुधारने का मौका है।

    ऐसे में इस बार वह गलती न करें। नहीं तो उन्हें पार्टी से बाहर करने में देर नहीं की जाएगी। दूसरे दलों के पार्षद लगातार भाजपा में शामिल हो रहे हैं। चुनाव के लिए तैयारी पूरी कर ली है। मेयर और उपमेयर चुनाव के लिए दो बूथ भी सदन के अंदर लगा दिए गए हैं। साथ ही पुलिस से भी सदन के बाहर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।

  • 07:59 AM, 26 Apr 2023

    AAP ने डिनर पार्टी में टटोला पार्षदों का मन

    इससे पहले मंगलवार शाम आप पार्षदों की बैठक मायापुरी के एक बैंक्वेट हाल में हुई, जहां डिनर पार्टी में पार्षदों को अपने ही प्रत्याशियों के समर्थन में वोट करने की नसीहत देकर उनका मन टटोलने की कोशिश की गई। भले ही मेयर बनाने के लिए आप के पास बहुमत है, लेकिन चुनाव में दोनों पार्टी एक-दूसरे के पार्षदों की संख्या में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है।

    पिछले चुनाव में भी दोनों दलों की ओर से ऐसी कोशिश की गई थी। आखिरकार भाजपा के दो पार्षदों ने ही आप प्रत्याशी डॉ. शैली ओबेराय के पक्ष में मतदान कर दिया था।