News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Delhi MCD Election 2022 Live: शाम 4 बजे तक हुआ 45% मतदान, कटेवारा गांव ने किया नगर निगम चुनाव का बहिष्कार


 

नई दिल्ली,दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के लिए मतदान रविवार सुबह आठ बजे से शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। वोटिंग के लिए दिल्ली में कुल 13,665 बूथ केंद्र बनाए गए हैं। दिल्ली पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक अब तक कहीं से भी कोई गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली है।

ड्रोन से नजर रख रही पुलिस

दिल्ली के जिन 56 अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर चुनाव हो रहा है, वहां दिल्ली पुलिस ड्रोन से लगातार नजर बनाए हुए है। पहली बार दिल्ली पुलिस ने किसी चुनाव में इतनी बड़ी संख्या में ड्रोन का इस्तेमाल किया है। तड़के तीन बजे से अब तक दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को 46 कॉल मिली हैं। जिसमें आम आदमी पार्टी द्वारा शराब बांटने, पैसे बांटने और बीजेपी द्वारा भी पैसे बांटने की कॉल मिली है। लेकिन पुलिस जब मौके पर पहुंची तब वहां ऐसा कुछ नहीं मिला।

महरौली में आप और बीजेपी के बीच झगड़े की कॉल मिली। एसएचओ ने मामले को शांत करा दिया। अब तक कोई ऐसी बड़ी काल नहीं मिली है, जिसमें पुलिस को एक्शन लेना पड़े।

आयोग से वोटरों को मिली है मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति

राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निगम चुनाव में वोटरों को मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति दी है। इस बाबत आयोग ने शनिवार को आदेश जारी कर सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को कहा है कि चुनाव में लगे सुरक्षाकर्मियों आदि को इस बारे में अवगत करा दें। ताकि वोटरों को कोई असुविधा न हो।

  • 04:47 PM, 04 Dec 2022

    शाम चार बजे तक 45 प्रतिशत हुआ मतदान

    दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 (Delhi Municipal Corporation Election) के लिए मतदान जारी है। राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सुबह आठ बजे से शाम चार बजे के बीच दिल्ली के सभी 250 वार्डों में शाम 4 बजे तक लगभग 45 प्रतिशत मतदान हो गया। अभी भी मतदान केंद्रों पर मतदाता लाइन लगाकर वोट डालने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

     

  • 04:33 PM, 04 Dec 2022

    दिव्यांग, 100 साल से ऊपर के बुजुर्गों में उत्साह

    दिल्ली नगर निगम चुनाव में मतदान के लिए दिव्यांग व्हील चेयर पर बैठकर वोट डालने पहुंच रहे हैं। 100 साल से उम्र के भी बुजुर्ग बड़े ही उत्साह के साथ मतदान में हिस्सा ले रहे हैं। इससे पता चलता है कि दिल्ली के लोग बढ़-चढ़कर निगम चुनाव में मतदान कर रहे हैं।

     

  • 03:37 PM, 04 Dec 2022

    कटेवारा गांव के लोगों ने किया MCD चुनाव का बहिष्कार

    उत्तर पश्चिम जिले के कटेवारा गांव के लोगों का कहना है कि गांव में उचित सड़क, नालियां जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं होने के कारण उन्होंने एमसीडी चुनाव का बहिष्कार किया है। उनका कहना है कि जब तक अधिकारी हमारी शिकायत नहीं सुनेंगे, हम वोट नहीं देंगे।

  • 03:26 PM, 04 Dec 2022

    MCD में भी होगा भाजपा का कब्जा- केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर

    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम चुनाव, गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में तीनों जगह कमल खिलेगा। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भाजपा की फिर से सरकार बनेगी और MCD में भी भाजपा की सरकार बनेगी।

  • 03:13 PM, 04 Dec 2022

    नेताओं का इतिहास जानकर कर वोट कर रहे मतदाता

    इस बार के दिल्ली नगर निगम चुनाव में मतदाता साफ-सफाई, प्रदूषण के अलावा इंटरनेट मीडिया पर नेताओं के इतिहास को जानकर मतदान कर रहे हैं ।

  • 02:38 PM, 04 Dec 2022

    दिल्ली MCD चुनावः दोपहर 2 बजे तक हुआ 30 प्रतिशत मतदान

    राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए दोपहर दो बजे तक करीब 30 प्रतिशत मतदान हुआ है।

  • 01:49 PM, 04 Dec 2022

    मतदान केंद्र में बदलाव से मतदाताओं में भ्रम की स्थिति

    नगर निगम चुनाव में अब तक कम वोट पड़ने का एक कारण परिसीमन की वजह से मतदाताओं के मतदान केंद्र में बदलाव होना भी है। परिसीमन में हुए बदलाव के कारण वोटर के घर से मतदान केंद्र की दूरी बढ़ गई है और बड़े पैमाने पर लोगों को इस संबंध में जानकारी भी नहीं है।

    कुरेश नगर में लोगों का मत पहले बल्लीमारान स्थित एक स्कूल में था, जिसे अब लाहौरी गेट के पास कर दिया है। वहीं फतेहपुरी मस्जिद के पास बने मत केंद्र को भी लाहौरी गेट के पास कर दिया है। इसके कारण मतदाताओं में भ्रम की स्थिति है।

  • 01:45 PM, 04 Dec 2022

    भाजपा नेता आदेश गुप्ता ने पत्नी संग डाला वोट

    भाजपा नेता आदेश गुप्ता ने पत्नी संग डाला वोट

    नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा नेता आदेश गुप्ता ने पत्नी अनुराधा गुप्ता के साथ मध्य दिल्ली के पटेल नगर मतदान केंद्र पर वोट डाला। इस दौरान उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में बूथ पहुंचकर मतदान करने की अपील की।

  • 01:27 PM, 04 Dec 2022

    BJP सांसद गौतम गंभीर ने पत्नी संग डाला वोट

    BJP सांसद गौतम गंभीर ने पत्नी संग डाला वोट

    दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के लिए ओल्ड राजेन्द्र नगर में भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने अपनी पत्नी के साथ मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा, “हमारे पास टैक्स पेयर के हजारों करोड़ रुपए नहीं हैं जो हम अपनी राजनीति चमकाने के लिए लगाएं, हमारे पास सच्चाई है। प्रधानमंत्री ने 3000 से ज्यादा जहां झुग्गी वहीं मकान दे दिए अगर ये दिल्ली सरकार ने किया होता तो 3 लाख का प्रचार करते।”

  •