Latest News उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

Deoria: दुबे परिवार के पास नहीं था कोई लाइसेंसी हथियार, बेटे ने बताई माली हालत की सच्चाई –


देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया में हुए नरसंहार की जांच जारी है। लगातार लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है और इसके साथ ही मुकदमा भी दर्ज हो गया है। इन सभी जांच की प्रक्रिया में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। दरअसल रुद्रपुर क्षेत्र के फतेहपुर गांव में सत्य प्रकाश दुबे के परिवार में किसी के पास कोई लाइसेंसी शस्त्र नहीं है।

दरअसल प्रेमचंद की हत्या के मामले में सत्य प्रकाश दुबे सहित परिवार के पांच सदस्यों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। अब इस पर सत्य प्रकाश दुबे के बेटे देवेश दुबे ने बताया कि उनके परिवार के पास कोई लाइसेंसी हथियार नहीं है। इसके लिए इन लोगों ने कभी भी शस्त्र लाइसेंस के लिए आवेदन नहीं किया।

परिवार की माली हालत नहीं थी सही

देवेश दुबे ने बताया कि मेरे पिताजी की माली हालत ऐसी नहीं थी कि शस्त्र लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकें। घर में भाई-बहन को पढ़ाना- लिखाना एवं शादी-ब्याह करना पिता की प्राथमिकता में था। किसी तरह से घर का गुजर-बसर चल रहा था, लेकिन गांव के दबंग प्रेमचंद को यह भी रास नहीं आया। हम लोगों की जिंदगी बर्बाद कर दिया। देवेश ने कहा कि मेरे पापा कभी भी शस्त्र लाइसेंस के समर्थक नहीं थे।

प्रेमचंद के भय से नहीं जाते थे खेत

धान की खेत काटने के सवाल पर देवेश दुबे ने कहा कि दबंग प्रेमचंद यादव बंदूक के साए में क्यों फसल कटवाएगा। वह पहले से ही दबंग था। हम लोग उसके भय के चलते खेत के पास तक नहीं जाते थे। देवेश ने कहा कि हमारे घर में लाठी-डंडा तक नहीं है। हथियार की बात तो दूर, हम लोग ईश्वर में विश्वास रखते हैं।

सीएम योगी पर है भरोसा

सत्य प्रकाश दुबे के बड़े बेटे देवेश ने कहा कि हमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पूरा भरोसा है। वो हमें न्याय जरूर दिलाएंगे। अपराधियों के खिलाफ एक्शन भी जरूर होगा।