Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ वाराणसी

Email affiliates यूपी चुनाव 2022 : नरेन्‍द्र मोदी की काशी में सपा-कांग्रेस व बसपा के कुल वोटों से ज्यादा मत मिले थे भाजपा को


वाराणसी, । गठबंधन के दम पर सपा मुखिया अखिलेश यादव भाजपा को प्रदेश में हराने का दम भर रहे हैं। मगर भाजपा का दावा है कि अखिलेश चाहे जो भी कर लें, जीतेंगे हम ही। कम से कम 2017 के परिणाम तो मोदी की काशी में भाजपा के दावे को सही ठहराते हैैं। जिले की सभी आठ सीटों पर भाजपा को मिले वोट का प्रतिशत सपा-कांग्रेस गठबंधन से ही नहीं, बसपा का वोट जोड़ दें तो भी इनके समग्र मत प्रतिशत से ज्यादा था।

2017 में भाजपा छह सीटों पर चुनाव लड़ी और सेवापुरी अपना दल व अजगरा सुभासपा के लिए छोड़ा था। भाजपा गठबंधन ने 49.19 फीसद वोट लेकर सभी सीटें जीत ली थीं। पांच सीटों पर तो भाजपा गठबंधन को 50 प्रतिशत से अधिक मत मिले थे।

कांग्रेस और सपा गठबंधन को 25.96 फीसद और बसपा को 18.88 फीसद मत मिले थे।

सपा-कांगे्रस गठबंधन और बसपा को मिले वोटों को भी जोड़ दिया जाए तो वोट प्रतिशत 44.84 फीसद होता है जो भाजपा को मिले मतों से 4.35 फीसद कम रहा। अबकी बार कांग्रेस व सपा में गठबंधन तो नहीं है साथ ही बसपा भी अलग ताल ठोक चुकी है। भाजपा के 2017 के गठबंधन से सुभासपा जरूर अलग हो गई है लेकिन अपना दल पूर्व की भांति साथ है।

कैंट में भाजपा को मिले रिकार्ड 58.29 फीसद वोट

कैंट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के सौरभ श्रीवास्तव ने रिकार्ड 58.29 फीसद मत प्राप्त किए थे। सौरभ ने 13,26,09 वोट पाकर कांग्रेस प्रत्याशी को 61,326 मतों से हराया। दक्षिणी में भाजपा ने कांग्रेस प्रत्याशी को मात्र 17,226 वोट से हराया लेकिन विजयी डा. नीलकंठ तिवारी को 51.75 फीसद वोट मिले। रोहनिया में भाजपा के सुरेंद्र नारायण सिंह को 51.28 फीसद और सपा के महेंद्र सिंह को 26.66 फीसद उत्तरी में भाजपा के रवींद्र जायसवाल को 50.93 तो कांग्रेस के अब्दुल समद अंसारी को 30.96 फीसद वोट मिले। सेवापुरी सीट भाजपा ने अपना दल को दिया था। यहां से अपना दल के नील रतन सिंह पटेल ने भी निराश नहीं किया और 50.08 फीसद वोट प्राप्त किया। सपा के मंत्री रहे सुरेंद्र सिंह पटेल को मात्र 26.26 फीसद वोट मिले।

अजगरा में सुभासपा को मिले मात्र 38.10 फीसद वोट

भाजपा गठबंधन के अजगरा प्रत्याशी सुभासपा प्रत्याशी कैलाश सोनकर चुनाव तो जीत गए लेकिन उन्हें मात्र 38.10 फीसद वोट से संतोष करना पड़ा। यहां से सपा के लालजी सोनकर ने 28.39 फीसद वोट प्राप्त किया। शिवपुर में भाजपा का वोट प्रतिशत 50 से कम 48.46 फीसद रहा। यहां सपा के आनंद मोहन गुड्डू 24.66 तो बसपा के वीरेंद्र सिंह 20.47 फीसद वोट बांट लिए। भाजपा के अवधेश सिंह को पिंडरा में 44.34 तो दूसरे स्थान पर रहे बसपा के बाबूलाल को 26.32 फीसद वोट मिले। पूर्व विधायक अजय राय को 23.58 फीसद वोट पाकर तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।