News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Gujarat: पीएम मोदी बोले, लोग अगले 25 साल तक स्थानीय उत्पाद खरीदें तो नहीं रहेगी बेरोजगारी


अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को लोगों से स्थानीय उत्पादों को खरीदने का आग्रह करते हुए कहा कि भारत इस समय ठहरा हुआ नहीं रह सकता। उसे आत्मनिर्भर बनना होगा। उन्होंने कहा कि अगर लोग अगले 25 साल तक स्थानीय उत्पादों का इस्तेमाल करें तो देश को बेरोजगारी की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। मोदी गुजरात के मोरबी में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर वीडियो लिंक के जरिये हनुमानजी की 108 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करने के बाद बोल रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब एक जगह ठहर कर नहीं रह सकता। हम जाग रहे हैं या सो रहे हैं, हम जहां हैं, वहां नहीं रह सकते। वैश्विक स्थिति ऐसी है कि पूरी दुनिया सोच रही है कि आत्मनिर्भर कैसे बनें।

हमें ‘वोकल फार लोकल’ को आत्मसात करना होगा

पीएम मोदी ने कहा कि मैं देश के संतों से अनुरोध करूंगा कि वे लोगों को केवल स्थानीय उत्पाद खरीदना सिखाएं। हमें ‘वोकल फार लोकल’ को आत्मसात करना होगा। अपने घरों में, हमें केवल अपने लोगों द्वारा बनाई चीजों का उपयोग करना चाहिए। कल्पना कीजिए कि इससे कितनी बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा। पीएम ने कहा कि हमें विदेशी माल पसंद हो सकता है। लेकिन इन चीजों में हमारे लोगों की मेहनत का अहसास नहीं होगा। इनमें हमारी धरती माता की सुगंध नहीं होगी।