News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

Hindu Yuva Vahini की सभी इकाइयां भंग, संगठन के नाम का दुरुपयोग होने की मिल रही थी शिकायतें,


गोरखपुर,  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दो दशक पहले गठित हिंदू युवा वाहिनी की प्रदेश और जिला सहित सभी इकाईयां भंग कर दी गई हैं। अब इन इकाईयों का नए सिरे से गठन किया जाएगा। संगठन के नाम का दुरुपयोग करने की लगातार मिल रही जानकारी के चलते पदाधिकारियों ने बैठक कर यह निर्णय लिया है।

संगठन के नाम का हो रहा था दुरुपयोग

इकाई भंग होने तक संगठन के प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी संभालने वाले ई. पीके मल्ल ने बताया कि वाहिनी के संरक्षक योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद संगठन के नाम के दुरुपयोग की निरंतर जानकारी मिल रही थी। देश व प्रदेश में दो दर्जन से अधिक संगठन हिंदू युवा वाहिनी के नाम पर संचालित होने लगे थे।

सदस्यता के नाम पर धन वसूली की भी मिल रही थी शिकायतें

सदस्यता देने के नाम पर धन वसूलने की शिकायतें भी सामने आ रही थीं। ऐसे में बहुत से गलत लोग भी संगठन का सदस्य होने का दावा करने लगे थे और इसका फायदा उठाने लगे थे। ऐसे में संगठन के उद्देश्य की पवित्रता को बनाए रखने के लिए प्रदेश पदाधिकारियों ने पुनगर्ठन करने का निर्णय लिया है। पुनगर्ठन से पहले सभी इकाईयां भंग कर दी गई हैं।

2002 में योगी ने किया था संगठन का गठन

हिंदू युवा वाहिनी का गठन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2002 में किया था। उस समय मुख्यमंत्री गोरखपुर के सांसद थे। संगठन के गठन के पीछे उनका उद्देश्य सामाजिक समरसता और हिंदुत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था। वाहिनी के मूल कार्यकर्ता संगठन के संस्थापक और संरक्षक योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उनके उद्देश्य को पूरा करने में जुटे रहते हैं। संगठन ने उद्देश्य को पूरा करने के लिए समय-समय पर राजनीतिक जिम्मेदारी भी निभाई है। विधानसभा से लोकसभा तक के चुनाव में वाहिनी के कार्यकर्ता भाजपा के पक्ष में पूरी ताकत से जुटते रहे हैं।