News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

India-China Border : तवांग में झड़प के बाद आई चीन की पहली प्रतिक्रिया, संसद में विपक्ष का हंगामा


संसद के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही जारी है। तवांग मुद्दे पर विपक्षी दलों ने जोरदार हंगामा किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तवांग मुद्दे पर संसद में जवाब दिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि तवांग में झड़प के दौरान दोनों ओर से कुछ जवान घायल हुए हैं। मैं सदन को बताना चाहता हूं कि झड़प में हमारे एक भी जवान ना तो शहीद हुआ है और ना ही कोई गंभीर रूप से घायल हुआ है। भारतीय जवानों के समय पर हस्तक्षेप के कारण चीनी सैनिक वापस लौट गए।

 

  • 02:01 PM, 13 Dec 2022

    चीन का नाम लेने से डरते हैं पीएम- ओवैसी

    ओवैसी ने आगे कहा कि ये सब इनकी नाकामी है। आप हम सभी को उस जगह पर लेकर जाइए। देश के प्रधानमंत्री चीन का नाम लेने से डरते हैं। व्यापार असंतुलन के बाद भी हमारी सेना मार खा रही है, चीन हमारी जमीन में घुसता है।

  • 01:49 PM, 13 Dec 2022

    राजनीतिक नेतृत्व के मामले में विफल पीएम- ओवैसी

    AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री राजनीतिक नेतृत्व के मामले में नाकाम साबित हो रहे हैं। 9 तारीख को ये झड़प होती है और आप संसद में आज बताते हैं। अगर मीडिया इस पर बात नहीं करती तो फिर आप तो खामोश बैठ जाते।

  • 01:44 PM, 13 Dec 2022

    India China Standoff: चीन की पहली प्रतिक्रिया आई

    अरुणाचल प्रदेश के तवांग में भारत और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प के बाद चीन की तरफ से पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। चीन ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है। एएफपी ने बताया कि झड़प के बाद चीन ने कहा कि भारतीय सीमा पर स्थिति नियंत्रण में है।

  • 01:32 PM, 13 Dec 2022

    Mallikarjun Kharge का निशाना

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि रक्षा मंत्री ने सिर्फ बयान पढ़ा और चले गए। वो किसी चर्चा या स्पष्टीकरण के लिए तैयार नहीं थे। राजीव गांधी फाउंडेशन से इसका कोई लेना-देना नहीं है। अगर हमारी गलती है तो हमें फांसी पर लटका दें।
    01:17 PM, 13 Dec 2022

    महंगाई के मुद्दे पर सरकार पर निशाना

    एआईएमआईएम के सांसद सैयद इम्तियाज जलील ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। जलील ने कहा कि सिलेंडर का दाम पहले साढ़े 400 रुपये था, लेकिन अब एक हजार के ऊपर पहुंच गया है। देश में बेरोजगारी भी चरम पर है।

  • 01:04 PM, 13 Dec 2022

    Parliament Session राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

    राज्यसभा की कार्यवाही को दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। लोकसभा की कार्यवाही अभी जारी है।

  • 12:41 PM, 13 Dec 2022

    India China Standoff: आर्मी के साथ खड़ा हर पार्टी का सदस्य- थरूर

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, इसमें कोई शक नहीं कि चीन की नजरें तवांग पर हैं। हमें काफी सतर्क रहना होगा। हमारी सेना ने जो कुछ भी किया, देश उसका समर्थन करता है। मैंने रक्षा मंत्री से कहा कि उन्हें पूरी दुनिया को ये दिखाना चाहिए कि भारत एक है और हर एक दल का सदस्य आर्मी के साथ है।

  • 12:25 PM, 13 Dec 2022

    पीएम केयर फंड का जायजा लिया जाए- अधीर रंजन चौधरी

    कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि एक बार प्रधानमंत्री केयर फंड का जायजा लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उसमें जिन लोगों ने चंदा दिया है उनकी सूची निकाली जाए और देखा जाए कि कितनी चीनी कंपनियों ने चंदा दिया है।

  • 12:16 PM, 13 Dec 2022

    एक भी जवान नहीं हुआ शहीद- राजनाथ सिंह

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में कहा कि तवांग में झड़प के दौरान दोनों ओर से कुछ जवान घायल हुए हैं। मैं सदन को बताना चाहता हूं कि झड़प में हमारे एक भी जवान ना तो शहीद हुआ है और ना ही कोई गंभीर रूप से घायल हुआ है। भारतीय जवानों के समय पर हस्तक्षेप के कारण चीनी सैनिक वापस लौट गए।

  • 12:15 PM, 13 Dec 2022

    सीमा की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध भारतीय जवान: Rajnath Singh

    राजनाथ सिंह ने कहा कि इस मुद्दे को चीनी राजनयिकों के सामने उठाया गया। मैं सदन को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हमारे जवान देश की सीमा की सुरक्षा करने और सीमा की सुरक्षा को चुनौती देने के किसी भी प्रयास को विफल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

  • 12:10 PM, 13 Dec 2022

    भारतीय जवानों ने चीनी सैनिकों को अतिक्रमण से रोका

    राजनाथ सिंह ने कहा कि 9 दिसंबर को तवांग सेक्टर के यांग्त्से क्षेत्र में पीएलए के सैनिकों ने अतिक्रमण किया और यथास्थिति को बदलने का प्रयास किया। चीनी सैनिकों का हमारे जवानों ने दृढ़ तरीके से सामना किया। हमारे सैनिकों ने चीनी सैनिकों को हमारे क्षेत्र में अतिक्रमण करने से रोका और उन्हें अपनी पोस्ट पर वापस जाने के लिए मजबूर किया।

  • 12:04 PM, 13 Dec 2022

    भारत का सैनिक गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तवांग मुद्दे पर संसद में बयान दिया। राजनाथ ने कहा कि चीनी सैनिकों के साथ झड़प में हमारा एक भी जवान गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

  • 12:00 PM, 13 Dec 2022

    भारत की एक इंच जमीन पर भी कब्जा नहीं हुआ

    अमित शाह ने तवांग मुद्दे पर विपक्ष को आड़े हाथ लिया है। शाह ने कहा कि मैंने प्रश्नकाल की सूची देखी और प्रश्न संख्या 5 देखने के बाद मुझे कांग्रेस की चिंता समझ में आई। सवाल राजीव गांधी फाउंडेशन (आरजीएफ) के विदेशी योगदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) लाइसेंस को रद्द करने के संबंध में था। शाह ने कहा कि भारत की एक इंच जमीन पर भी कब्जा नहीं हुआ है।

  • 11:51 AM, 13 Dec 2022

    India-China Border Clash: क्या बोले अमित शाह

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि लोकसभा में आज विपक्ष ने प्रश्नकाल नहीं चलने दिया, मैं इस कृत्य की निंदा करता हूं। संसदीय कार्य मंत्री ने साफ कहा कि रक्षा मंत्री संसद में इस (तवांग फेसऑफ) पर बयान देंगे।

  • 11:32 AM, 13 Dec 2022

    13 दिसंबर 2001 सबसे भयानक दिन

    राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नरायण सिंह ने कहा कि 13 दिसंबर 2001 को स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे भयानक दिन के रूप में याद किया जाएगा। 21 साल पहले आतंकवादियों ने संसद पर हमला किया था, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने इसकी रक्षा के लिए वीरता दिखाई और आतंकवादियों के दुस्साहसी प्रयास को विफल कर दिया।

  • 11:29 AM, 13 Dec 2022

    India-China Border Clash: राज्यसभा की कार्यवाही भी स्थगित

    विपक्ष के भारी हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही भी दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।