Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय साप्ताहिक

International Womens Day 2022: देश की राजनीति में ये हैं पावरफुल वुमेन,


नई दिल्ली, । विश्वभर में आज महिला दिवस (International Women’s Day) मनाया जा रहा है। हर साल आठ मार्च को ये खास दिन मनाया जाता है। देश की नारी शक्ति आज तमाम मोर्चों पर पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही है। बात चाहे राजनीति में हिस्सेदारी की हो या फिर देश की सुरक्षा की… महिलाएं कई क्षेत्रों में आज मोर्चा संभाल रही हैं। कड़े परिश्रम और देश सेवा की लगन के चलते महिलाओं का कद लगातार बढ़ रहा है। इस मौके पर कुछ ऐसी ही महिला राजनेताओं के बारे में बात करेंगे, जिन्होंने राजनीति में खास मुकाम हासिल किया है।

सोनिया गांधी, अंतरिम अध्यक्ष, कांग्रेस

यूपीए अध्यक्ष रही सोनिया गांधी का नाम आज देश की सबसे ताकवर राजनेताओं में शुमार है। सोनिया गांधी देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस की मौजूदा अंतरिम अध्यक्ष हैं। कांग्रेस के अध्यक्ष पद के तौर पर सोनिया गांधी का कार्यकाल सबसे लंबा रहा है। सोनिया ने 20 साल से ज्यादा समय तक कांग्रेस के अध्यक्ष का पद संभाला। सोनिया गांधी अभी यूपी की रायबरेली सीट से लोकसभा सांसद हैं। सोनिया गांधी फोर्ब्स की सबसे शक्तिशाली महिलाओं की लिस्ट में भी जगह बना चुकी हैं।

ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल

देश की पावरफुल महिला राजनेताओं की लिस्ट में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी का नाम शामिल करना भी जरूरी है। ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल की पहली महिला सीएम हैं। साल 2011 में हुए विधानसभा चुनाव में ममता के नेतृत्व में टीएमसी ने सालों से काबिज बुद्धदेव भट्टाचार्य की सरकार को उखाड़ फेंका था। बीते साल हुए विधानसभा चुनाव में ममता को राज्य की जनता ने लगातार तीसरी बार अपना मुख्यमंत्री चुना था।

मायावती, अध्यक्ष, बसपा

यूपी की राजनीति में मायावती बड़ा नाम है। मायावती बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख हैं। मायावती चार बार यूपी की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। दलित और पिछड़ा वोट बैंक पर उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है।

प्रियंका गांधी, महासचिव, कांग्रेस

देश में की प्रमुख महिला राजनेताओं में प्रियंका गांधी ने अपनी खास जगह बनाई है। प्रियंका गांधी अभी कांग्रेस की महासचिव हैं। कांग्रेस ने यूपी का विधानसभा चुनाव प्रियंका गांधी की अगुवाई में लड़ा है। प्रियंका महिलाओं से जुड़े मुद्दों को जोर-शोर से उठाती रही हैं।

महबूबा मुफ्ती

महबूबा मुफ्ती जम्मू कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट की अध्यक्ष हैं। महबूबा जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। वह राज्य के पूर्व सीएम दिवंगत मुफ्ती मोहम्मद सईद की बेटी हैं।