Latest News खेल

IPL Auction 2022 : आइपीएल आक्शन में लंच ब्रेक, चारु शर्मा संभालेंगे आक्शनर का जिम्मा


नई दिल्ली, । दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग के दो दिवसीय मेगा आक्शन (IPL Mega Auction 2022) का आज पहला दिन है। बेंगलुरू में इसका आयोजन हो रहा है। इस बार निलामी में 10 टीमें हैं। गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपरजाइंट्स दो नई फ्रेंचाइजी पहली बार इसका हिस्सा हैं। पहले 590 खिलाड़ियों की निलामी होनी थी, लेकिन अब कुल 600 खिलाड़ियों की होगी। बोर्ड क्रिकेट कंट्रोल आफ इंडिया (BCCI) ने 10 खिलाड़ियों का नाम आक्शन रजिस्टर में जोड़ा है। आइपीएल मेगा आक्शन से जुड़े हर अपड़ेट के लिए बने रहें दैनिक जागरण के साथ

IPL Mega Auction 2022 UPDATES 

चारु शर्मा आगे आक्शनर होंगे

मिल रही जानकारी के अनुसार लंच ब्रेक के बाद कमेंटेटर चारु शर्मा आज के लिए आक्शनर होंगे। ह्यूग एडमेड्स को आराम की सलाह दी गई है। फिलहाल वह आबजर्वेशन में हैं।

लंच ब्रेक, दोपहर 3.30 बजे शुरू होगी निलामी

आक्शनर ह्यूग एडमीड्स की अचानक तबियत खराब होने के कारण निलामी रोक दी गई। फिलहाल उनकी हालत ठीक बताई जा रही है। एक घंटे का लंच ब्रेक लिया गया है। दोपहर 3.30 बजे फिर से निलामी शुरू होगी। श्रीलंका के खिलाड़ी वानिंदु हसरंगा से बोली की शुरुआत होगी। आक्शन रोके जाने तक उनके लिए 10.75 करोड़ की बोली लग गई थी। श्रेयस अय्यर और हर्षल पटेल अबतक के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं।

लखनऊ के लिए खेलेंगे दीपक हुड्डा, मेडिकल इमरजेंसी के कारण निलामी रुकी

75 लाख बेस प्राइस वाले दीपक हुड्डा के लिए फ्रेंचाइजियों में होड़ दिखी। लखनऊ ने उन्हें 5.75 करोड़ में खरीदा। श्रीलंका के खिलाड़ी वानिंदु हसरंगा का बेस प्राइस एक करोड़ है। पंजाब और हैदराबाद ने उनमें दिलचस्पी दिखाई। बाद में रेस में आरसीबी भी शामिल हो गई। पंजाब और आरसीबी में होड़ लगी। 10 करोड़ से ऊपर उनके लिए बोली लग गई थी, तभी मेडिकल इमरजेंसी के कारण आक्शन रोकना पड़ा। जानकारी के अनुसार आक्शनर ह्यूग एडमीड्स स्टेज से गिर गए। फिलहाल लंच की घोषणा हो गई है।

हर्षल पटेल को आरसीबी ने खरीदा

दो करोड़ बेस प्राइस वाले हर्षल पटेल को खरीदने में चेन्नई, हैदराबाद और आरसीबी ने दिलचस्पी दिखाई। हैदराबाद और आरसीबी में इनके लिए होड़ लगी। 10.75 करोड़ में आरसीबी ने खरीदा।

लखनऊ ने जेसन होल्डर को खरीदा, शाकिब अनसोल्ड

जेसन होल्डर का बेस प्राइस 1.50 करोड़ है। कोलकाता और लखनऊ ने उनको खरीदने के लिए काफी दिलचस्पी दिखाई। राजस्थान भी रेस में रही। अंत में लखनऊ ने 8.75 करोड़ में उन्हें खरीदा। बांग्लादेश के आलराउंडर शाकिब अल हसन को खरीदने में किसी फ्रेंचाइजी ने दिलचस्पी नहीं दिखाई।

नितिश राणा को कोलकाता ने खरीदा

एक करोड़ बेस प्राइस वाले नितिश राणा को 8 करोड़ में कोलकाता नाइटराइडर्स ने खरीदा। मुंबई इंडियंस ने उनमें काफी दिलचस्पी दिखाई।

डवेन ब्रावो को चेन्नई ने खरीदा

कैरेबियाई आलराउंडर डवेन ब्रावो का बेस प्राइस दो करोड़ है। उन्हें चेन्नई सुपरकिंग्स ने 4.4 करोड़ में अपने साथ जोड़ा।

सुरेश रैना और स्टीव स्मिथ अनसोल्ड रहे

दो करोड़ बेस प्राइस वाले सुरेश रैना अनसोल्ड रह गए। किसी भी फ्रेंचाइजी ने उन्हें खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। आस्ट्रेलिया के क्रिकेटर स्टीव स्मिथ भी अनसोल्ड रहे। इनका भी बेस प्राइस दो करोड़ था। हालांकि, बाद में भी इनके लिए बोली लग सकती है।