Latest News नयी दिल्ली पटना बिहार

Jamui: जमीन विवाद में दो पक्षों में चली कई राउंड गोलियां, लाठी-डंडे और तलवार से भी हमला


 सिकंदरा (जमुई)। लछुआड़ थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव में शुक्रवार की सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष की ओर से गोलीबारी भी की गई। इसके साथ ही जमकर लाठी-डंडे चलने के साथ पथराव भी किया गया।

जानकारी के अनुसार गोलीबारी में दूसरे पक्ष के दो लोगों को गोली लगने की बात सामने आ रही है। घटना में छह से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को परिजनों ने इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरा में भर्ती कराया है, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया गया।

घायलों में महेश्वर यादव, राजेश यादव, बिसो यादव, ब्रजेश कुमार, निरंजन कुमार और संगीता देवी शामिल हैं। परिजनों ने राजेश यादव को दाएं हाथ में, जबकि महेश्वर यादव को बाएं जांघ में गोली लगने की बात कही है।

बताया जाता है कि मथुरापुर गांव में घर के समीप एक कट्ठा जमीन को लेकर पिछले छह महीने से दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। विवादित जमीन पर बंधे मवेशी को हटाने के लिए शुक्रवार को महेश्वर यादव ने शिवबालक यादव को कहा। जिसके बाद शिवबालक यादव, नीतीश कुमार, पवन कुमार, श्रवण यादव, भगीरथ यादव, विक्की कुमार, मुरारी यादव, जागेश्वर यादव और कीरत यादव ने मिलकर मारपीट शुरू कर दी।

दो की हालत गंभीर

आरोप है कि इसी दौरान लाठी, डंडे, तलवार के अलावा गोली मारकर महेश्वर यादव और राजेश यादव सहित छह से अधिक लोगों को घायल कर दिया गया। घटना की जानकारी लछुआड़ पुलिस को दी गई है। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल, सदर अस्पताल में इलाजरत घायलों में दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

लछुआड़ थानाध्यक्ष विजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पड़ताल में जमीनी विवाद का मामला सामने आया है। इसी को लेकर लड़ाई में गोलीबारी की घटना हुई है, जिसमें महेश्वर यादव के जांघ में गोली लगने की सूचना है। घायल पक्ष ने अभी तक केस दर्ज नहीं कराया गया है।