Latest News पटना बिहार

JDU नेता महेश्वर प्रसाद सिंह ने तेजस्वी यादव की मौजूदगी में थामा राजद का दामन


  1. पटना। बिहार में इन दिनों राजनीतिक उठापटक जारी है। शनिवार को जनता दल यूनाईटेड के नेता महेश्वर प्रसाद सिंह ने तेजस्वी यादव की मौजूदगी में राष्ट्रीय जनता दल का दामन थाम लिया है। सदस्यता ग्रहण करने के बाद महेश्वर प्रसाद सिंह ने कहा कि बिहार की मौजूदा सरकार को समाज की चिंता नहीं है। महेश्वर प्रसाद सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सीएम को संगठित भ्रष्टाचार का भीष्म पितामह बताया और कहा कि आरसीपी टैक्स के बिना कोई काम नहीं होता है। बता दें कि राजद की सदस्यता ग्रहण करने वाले महेश्वर प्रसाद सिंह ने कई राजनीतिक दलों में पाला बदला है।

लोजपा विधायक दल के नेता रहे महेश्वर सिंह को 2020 में जदयू से टिकट नहीं मिला था, जिसके बाद पूर्व विधायक ने रालोसपा के टिकट पर केसरिया से चुनाव लड़ा जहां से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वहीं, इससे पहले महेश्वर सिंह 2015 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन इसके लिए उन्हें टिकट नहीं मिला था।

बिहार विधानसभा के नेता प्रतपिक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर नीतीश सरकार को गिराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि बिहार में मौजूदा सरकार चोर दरवाज़े से सत्ता में आई है। यह गिरी हुई सरकार है। गिरी हुई सरकार का अब गिरना तय है। इस सरकार से बिहार की जनता परेशान हैं और उम्मीद लगाए बैठी है कि यह सरकार जल्दी गिर जाए। बता दें कि इससे पूर्व राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात के दौरान भी तेजस्वी यादव ने कहा था कि घबराओ मत सरकार दो-तीन महीने में गिर जाएगी।