Latest News झारखंड रांची

Jharkhand: झारखंड सरकार के वित्तीय प्रबंधन पर जयंत सिन्हा ने उठाए सवाल,


रांची, । Jharkhand Political News केंद्र सरकार से पर्याप्त वित्तीय मदद न मिलने के झारखंड सरकार के आराेपों को पूर्व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री जयंत सिन्हा ने सिरे से खारिज किया है। जयंत सिन्हा ने कहा कि झारखंड सरकार के पास पर्याप्त खजाना है लेकिन वह उसे खर्च नहीं कर पा रही है। मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में उन्होंने आंकड़ों का हवाला देकर झारखंड सरकार के वित्तीय प्रबंधन पर सवाल उठाए। सिन्हा ने कहा कि भाजपा, झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में झारखंड सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन का मामला उठाएगी।

पिछले साल के सापेक्ष केंद्र ने अपना योगदान 20 प्रतिशत बढ़ाया: जयंत सिन्हा

जयंत सिन्हा ने कहा कि झारखंड सरकार का बजट 91,277 करोड़ रुपये का है, इसमें 40 हजार करोड़ तो केंद्र सरकार ही दे रही है। पिछले साल के सापेक्ष केंद्र ने अपना योगदान 20 प्रतिशत बढ़ाया है। इसके अलावा डीएमएफटी से भी झारखंड सरकार को सात हजार करोड़ मिले हैं। स्पष्ट केंद्र से राशि न मिलने का आरोप पूरी तरह से गलत है। इसके अलावा अगले वित्तीय वर्ष के बजट में केंद्र सरकार ने राज्यों के लिए एक लाख करोड़ का प्रविधान किया है, जिसमें साफ किया गया है कि राज्यों को अगले पचास वर्षों के लिए यह राशि ब्याज मुक्त मिलेगी।