Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

JP Nadda: भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने PM मोदी को दी जन्मदिन की बधाई,


  • नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71वें जन्मदिवस पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। देश और दुनिया भर से लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं। देश भर में उनके जन्मदिवस पर अनेक कार्यक्रम आयोजित हुए हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सहित विपक्ष के तमाम नेताओं ने पीएम मोदी को उनके जन्मदिन की बधाई दी है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामना एवं बधाई दी है। नड्डा ने शुक्रवार को कहा कि मोदी सरकार में ऐसे कार्य हुए हैं जिन्हें पूरा करना असंभव सा लगता है। भाजपा अध्यक्ष ने पीएम को बधाई देने के मौके पर सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया।

नड्डा ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

उन्होंने कहा, ‘मोदी सरकार में अनुच्छेद 370 धाराशायी हो गया। तीन तलाक पर रोक लग गई। अयोध्या में भगवान राम मंदिर का भव्य मंदिर का मार्ग प्रशस्त हुआ। सर्जिकल और एयरस्ट्राइक से आतंकवाद को करारा जवाब मिला। वन रैंक वन पेंशन लागू हुआ।’ मोदी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि इस सरकार में 50 करोड़ लोगों को ‘आयुष्मान भारत’ योजना का लाभ मिला है। देश के हर गांव और हर घर को बिजली पहुंचाई गई है। महिलाओं को मुफ्त में गैस कनेक्शन दिया गया। सरकार देश के 10 करोड़ किसानों को हर साल छह-छह हजार रुपए दे रही है। कोरोना संकट के दौरान देश के 80 करोड़ लोगों को सरकार मुफ्त आनाज उपलब्ध करा रही है। स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट लागू हुई है। ऐसे न जाने कितने कार्य हैं जो पिछले सात सालों में उनके अथक परिश्रम से संभव हुए।

पीएम का व्यक्तित्व बहुआयामी है-नड्डा

भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा, ‘यह दृढ़ इच्छाशक्ति, कार्य करने की भावना और कारगर रणनीति के जरिए उन्होंने इन लक्ष्यों को प्राप्त किया। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है-जहां चाह है, वहां राह है। नड्डा ने कहा, ‘मैंने बहुत नजदीक से अनुभव किया है कि पीएम मोदी में ऐसी विशेषताएं हैं जो उन्हें बहुआयामी बनाती हैं। कठोर परिश्रम करना, स्पष्ट दृष्टि रखना और जनता की भलाई करना उनका स्वभाव है। हम लोगों को सतत कार्य करने की प्रेरणा उन्हीं से मिलती है।’

‘प्रधानमंत्री ने राजनीति की दिशा बदल दी’

उन्होंने कहा, ‘आज पीएम के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर अग्रसर है। विश्व पटल पर भारत की साख में काफी वृद्धि हुई है। पीएम मोदी ने देश की राजनीतिक संस्कृति एवं माहौल को बदला है। उनके नेतृत्व में तुष्टिकरण की राजनीति की जगह विकासवाद की राजनीति ने ली है। देश के विपक्षी दलों को इस विकास की राजनीति करने के लिए विवश होना पड़ा है। देश की जनता के साथ उनका एक भावनात्मक संबंध है। उनकी एक आवाज पर संपूर्ण राष्ट्र एकजुट हो जाता है। मैं माननीय पीएम को उनके जन्मदिन की बधाई देता हूं और उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।’